Arshdeep Singh-Samreen Kaur: भारतीय क्रिकेटर अर्शदीप सिंह और पंजाबी एक्ट्रेस समरीन कौर इन दिनों अपने रिश्ते को लेकर चर्चा में हैं। अर्शदीप ने हाल ही में समरीन के जन्मदिन पर सोशल मीडिया पर एक खास पोस्ट शेयर कर अपने रिश्ते को सार्वजनिक किया था। इसके बाद जहां दोनों के फैंस ने उन्हें बधाई दी, वहीं कुछ सोशल मीडिया यूजर्स ने समरीन को ट्रोल करना शुरू कर दिया। कुछ लोगों ने आरोप लगाया कि वह अर्शदीप को सिर्फ शोहरत पाने के लिए डेट कर रही हैं। अब समरीन ने इन टिप्पणियों पर खुलकर जवाब दिया है। अर्शदीप भी इस दौरान उनके समर्थन में खड़े नजर आए।

ट्रोलिंग पर समरीन ने रखी अपनी बात

समरीन कौर ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक लंबा नोट शेयर किया। इसमें उन्होंने लिखा कि सोशल मीडिया पर लोगों की सोच और उनके व्यवहार में काफी फर्क नजर आता है। उनके मुताबिक, अगर कोई अपने रिश्ते को निजी रखता है तो सवाल उठते हैं और अगर खुलकर प्यार जाहिर करता है तो उसे फेम पाने की कोशिश बता दिया जाता है। समरीन ने कहा कि लोगों को हर हाल में किसी न किसी बात पर टिप्पणी करनी होती है।

17 साल की उम्र से कर रही हैं काम

समरीन ने अपने नोट में अपनी जिंदगी और आर्थिक आत्मनिर्भरता का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि वह 17 साल की उम्र से काम कर रही हैं और अपने खर्चों के साथ-साथ प्रोफेशनल जिम्मेदारियां भी खुद संभालती आई हैं। वह अब तक 20 से ज्यादा देशों की यात्रा कर चुकी हैं और अपनी जिंदगी अपने दम पर जी रही हैं। समरीन ने कहा कि वह रिश्ते में आने से पहले भी खुश थीं और आज भी अपनी जिंदगी से संतुष्ट हैं।

एक्ट्रेस ने यह भी लिखा कि उन्हें ऐसा इंसान मिला है, जिसके साथ वह खुद को खुश और पूरा महसूस करती हैं। उन्हें अपने रिश्ते को लेकर किसी के सामने सफाई देने की जरूरत नहीं है। उन्होंने साफ कहा कि वह अपनी जिंदगी, अपने पार्टनर और अपने रिश्ते से जुड़ी बातें सोशल मीडिया पर शेयर करती रहेंगी। जिन्हें यह पसंद नहीं है, वे उनका पेज छोड़ सकते हैं।

महिलाओं के ट्रोल करने पर भी जताई नाराजगी

समरीन ने अपने नोट में इस बात पर भी नाराजगी जताई कि कई बार महिलाएं ही दूसरी महिलाओं को नीचा दिखाने लगती हैं। उन्होंने कहा कि बेवजह की राय, अंदाजे और नकारात्मक टिप्पणियां परेशान करने वाली हैं। समरीन के मुताबिक, उनकी टीम ऐसे लोगों को ब्लॉक कर रही है, जो उनकी प्रोफाइल पर आकर नकारात्मक बातें लिख रहे हैं। उन्होंने अपने शुभचिंतकों का शुक्रिया अदा करते हुए कहा कि वह खुश हैं और अपनी जिंदगी अपने तरीके से जीना चाहती हैं।

अर्शदीप सिंह ने भी किया समरीन का समर्थन

समरीन के इस पोस्ट के बाद अर्शदीप सिंह ने भी उनका साथ दिया। क्रिकेटर ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर समरीन का नोट रीशेयर करते हुए लिखा कि उन्हें समरीन पर गर्व है और वह बहुत मजबूत हैं। उन्होंने ट्रोल करने वालों को सलाह दी कि वे दूसरों की जिंदगी में दखल देने के बजाय थोड़ा ब्रेक लें और दूसरों को भी अपनी जिंदगी जीने दें।

अर्शदीप ने आगे लिखा कि प्यार करना और प्यार पाना जिंदगी की सबसे खूबसूरत भावनाओं में से एक है। उन्होंने समरीन को अपनी जिंदगी में पाकर खुशी जताई और दोनों के लिए प्यार दिखाने वाले लोगों का आभार भी व्यक्त किया। इस तरह सोशल मीडिया पर हो रही ट्रोलिंग के बीच अर्शदीप और समरीन ने साफ कर दिया है कि वे अपने रिश्ते को लेकर किसी की बेवजह की बातों से परेशान नहीं होना चाहते।

Shah Rukh Khan के 61वें जन्मदिन पर फैंस को मिलेगा बड़ा सरप्राइज, मन्नत के बाहर लगी बिग स्क्रीन; दिखेगी KING की झलक

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m