लखीमपुर ARTO कार्यालय के औचक निरीक्षण में अधिकारियों और कर्मचारियों के कामकाज, रिकॉर्ड रूम, सीसीटीवी और जनसुविधाओं की जांच की गई. परिवहन अधिकारी ने 45 दिन से अधिक समय से निरुद्ध वाहनों की नीलामी प्रक्रिया शुरू करने और जनता के कार्य समय पर पूरा करने के निर्देश दिए.

लखीमपुर. परिवहन आयुक्त उत्तर प्रदेश के निर्देश पर देवीपाटन मंडल के संभागीय परिवहन अधिकारी राजेश कुमार मौर्या ने लखीमपुर स्थित एआरटीओ कार्यालय का औचक निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने कार्यालय की व्यवस्थाओं, अधिकारियों-कर्मचारियों के कामकाज और रिकॉर्ड की स्थिति का जायजा लिया.

निरीक्षण के समय यात्री/मालकर अधिकारी, संभागीय निरीक्षक प्राविधिक सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी और सारथी के कार्मिक कार्यालय में मौजूद मिले. आरटीओ ने कार्यालय की साफ-सफाई और पेयजल व्यवस्था की भी जांच की.

कार्यालय के सभी पटल देखे

राजेश कुमार मौर्या ने कार्यालय के विभिन्न पटलों पर पहुंचकर पटल सहायकों से उनके कार्यों की जानकारी ली. उन्होंने संबंधित पत्रावलियों की जांच करने के साथ सभी रिकॉर्ड रूम का भी निरीक्षण किया.

रिकॉर्ड रूम में पत्रावलियां व्यवस्थित मिलने पर उन्होंने व्यवस्था पर संतोष जताया. इसके बाद कार्यालय परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की कार्यप्रणाली की जांच की गई, जिसमें सभी कैमरे संचालित मिले.

45 दिन पुराने वाहनों की नीलामी

कार्यालय परिसर में निरुद्ध वाहनों की स्थिति की जानकारी लेते हुए आरटीओ ने 45 दिन से अधिक समय से निरुद्ध वाहनों की तत्काल नीलामी प्रक्रिया कराने के निर्देश दिए. इससे लंबे समय से परिसर में खड़े वाहनों के निस्तारण की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी.

निरीक्षण के दौरान आरटीओ ने कार्यालय पहुंचे लोगों से उनके कामकाज और समस्याओं के बारे में सीधे जानकारी ली. लोगों ने कार्यालय में हो रहे कार्यों के प्रति संतोष व्यक्त किया.

राजेश कुमार मौर्या ने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिया कि कार्यालय आने वाली जनता के कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर समय से पूरा किया जाए.

ड्राइविंग टेस्टिंग सेंटर की जांच

एआरटीओ कार्यालय के बाद आरटीओ ने सनसाइन प्रत्यायन चालन केंद्र (एडीटीसी) का भी निरीक्षण किया. सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी एसबी पांडेय ने बताया कि आरटीओ ने आवेदकों की उपस्थिति पंजिका की जांच की और अपने समक्ष चालकों का परीक्षण कराया.

उन्होंने कंप्यूटर में सुरक्षित पुराने ड्राइविंग परीक्षणों के वीडियो भी देखे. इसके अलावा वर्कशाप और संचालित कक्षाओं का निरीक्षण कर प्रशिक्षण व्यवस्था की जानकारी ली गई.

निरीक्षण के दौरान सेमुलेटर मशीन की भी गहनता से जांच की गई. व्यवस्थाओं पर संतोष जताते हुए आरटीओ ने अधिकारियों को भविष्य में भी पारदर्शी और व्यवस्थित तरीके से कार्य जारी रखने के निर्देश दिए.