मनेंद्र पटेल, दुर्ग। नगर निगम दुर्ग में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब महापौर अलका बाघमार की इनोवा गाड़ी में अचानक भीषण आग लग गई। गनीमत रही कि महापौर गाड़ी से उतर चुकी थी, जिससे उनकी जान बाल-बाल बच गई। घटना पद्मनाभपुर थाना क्षेत्र की बताई जा रही है। फोरेंसिक विभाग भी मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।

बता दें कि महापौर अलका बाघमार करीब 12:15 बजे नगर निगम कार्यालय पहुंची। जैसे ही उन्होंने अपनी इनोवा गाड़ी खड़ी कर उससे नीचे कदम रखा, कुछ ही देर बाद गाड़ी में अचानक आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने पूरी गाड़ी को अपनी चपेट में ले लिया।

निगम परिसर में आग की खबर फैलते ही कर्मचारियों और आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। लोगों ने अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग इतनी तेज थी कि काबू पाना मुश्किल हो गया। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। फायर ब्रिगेड के जवानों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक इनोवा पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी।

किसी साजिश की आशंका नहीं : महापौर

महापौर अलका बाघमार ने बताया कि गाड़ी में कुछ महत्वपूर्ण और कीमती दस्तावेज भी रखे थे, जो आग में जल गए। उन्होंने कहा कि उन्हें किसी साजिश की आशंका नहीं है और शुरुआती तौर पर वायरिंग में खराबी या शॉर्ट सर्किट से आग लगने की संभावना लग रही है। महापौर के मुताबिक महज 8 से 10 मिनट के भीतर पूरी गाड़ी जलकर खाक हो गई। उन्होंने कहा कि समय रहते वे गाड़ी से उतर गईं, वरना घटना और भी गंभीर हो सकती थी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। आग लगने की वास्तविक वजह जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।

देखें वीडियो –

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m