आजमगढ़ में AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने उत्तर प्रदेश में गरीबी और आर्थिक असमानता को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर निशाना साधा. उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में राजनीतिक लड़ाई अब 80 प्रतिशत बनाम 20 प्रतिशत के बजाय 99 प्रतिशत बनाम एक प्रतिशत की होगी.

आजमगढ़. ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) के प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने गरीबी और आर्थिक असमानता के मुद्दे पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को निशाने पर लिया. उन्होंने कहा कि प्रदेश में आने वाले समय में लड़ाई 80 प्रतिशत बनाम 20 प्रतिशत की जगह 99 प्रतिशत बनाम एक प्रतिशत के बीच होगी.

ओवैसी ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह एक प्रतिशत लोगों के साथ खड़े हैं, जबकि वह 99 प्रतिशत लोगों का पक्ष लेते हैं.

सरकारी आंकड़ों का हवाला

अपने बयान में ओवैसी ने उत्तर प्रदेश सरकार के अर्थशास्त्र एवं सांख्यिकी विभाग के आंकड़ों का उल्लेख किया. उन्होंने दावा किया कि वित्तीय वर्ष 2024-25 के आंकड़ों के मुताबिक, गरीब लोगों की संख्या के मामले में आजमगढ़ प्रदेश के जिलों में चौथे स्थान पर है.

गरीबी के मुद्दे पर सवाल

AIMIM प्रमुख ने कहा कि जब सरकारी आंकड़े प्रदेश में गरीबी की स्थिति की ओर इशारा करते हैं, तब मुख्यमंत्री की ओर से 80 प्रतिशत बनाम 20 प्रतिशत की बात की जाती है. उन्होंने राजनीतिक विभाजन की चर्चा के बजाय आर्थिक असमानता और आम लोगों से जुड़े मुद्दों पर ध्यान देने की जरूरत बताई.