सुदीप उपाध्याय, बलरामपुर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले के रघुनाथनगर स्थित स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम स्कूल में आसाराम बापू की पुस्तक बांटे जाने का मामला सामने आया है। मिडिल स्कूल के छात्रों को ‘संस्कार सरिता’ नाम की किताब बांटे जाने के आरोप बाद परिजनों में आक्रोश है। शिकायत सामने आने के बाद जिला शिक्षा विभाग ने मामले को संज्ञान में लेते हुए जांच कराई। जांच प्रतिवेदन के आधार पर स्कूल के प्रभारी प्राचार्य महेश कुमार प्रजापति को पद से हटा दिया गया है।

जांच के बाद प्रभारी प्राचार्य पर हुई कार्रवाई
मामले में जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) बलरामपुर-रामानुजगंज नरेंद्र निपूरे ने विकासखंड शिक्षा अधिकारी, वाड्रफनगर से रिपोर्ट मंगवाई थी। विकासखंड शिक्षा अधिकारी द्वारा 27 अक्टूबर 2026 को प्रस्तुत प्रतिवेदन और जांच समिति की अनुशंसा के आधार पर 28 अक्टूबर को आदेश जारी किया गया। आदेश में विद्यालय की प्रशासनिक एवं शैक्षणिक व्यवस्था के सुचारु संचालन के लिए प्रभारी प्राचार्य महेश कुमार प्रजापति को उनके दायित्व से मुक्त करने का उल्लेख है।

दुलेश्वर सिंह को मिली प्रभारी प्राचार्य की जिम्मेदारी
जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा जारी आदेश के अनुसार, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय जनकपुर के व्याख्याता एलबी दुलेश्वर सिंह को उनके वर्तमान दायित्वों के साथ स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, रघुनाथनगर के प्रभारी प्राचार्य की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं महेश कुमार प्रजापति को तत्काल संयुक्त जिला कार्यालय बलरामपुर की शिक्षा शाखा में उपस्थिति देने के निर्देश दिए गए हैं।
बता दें कि स्कूल में ‘संस्कार सरिता’ पुस्तक बांटे जाने को लेकर परिजनों ने आपत्ति जताई थी। फिलहाल, प्रभारी प्राचार्य को हटाने की कार्रवाई के बाद भी यह मामला शिक्षा विभाग में चर्चा का विषय बना हुआ है।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

