कासगंज में आशा कार्यकर्ताओं ने दो साल से लंबित कार्य भुगतान और छह महीने से वेतन नहीं मिलने का आरोप लगाते हुए सीएमओ कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया. सीएमओ से लिखित आश्वासन मिलने के बाद कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन समाप्त कर दिया.

कासगंज. शुक्रवार को आशा कार्यकर्ताओं ने बकाया भुगतान, वेतन वृद्धि और नियमित किए जाने की मांग को लेकर मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया. कार्यकर्ताओं का कहना है कि पिछले दो वर्षों से विभिन्न स्वास्थ्य संबंधी कार्यों का भुगतान लंबित है, जबकि उन्हें छह महीने से वेतन भी नहीं मिला है.

दो साल से भुगतान लंबित

प्रदर्शन के दौरान आशा कार्यकर्ता सुशीला और शारदा ने बताया कि पोलियो, कुष्ठ रोग सहित अन्य कार्यों के लिए मिलने वाला भुगतान करीब दो साल से अटका हुआ है. वेतन नहीं मिलने के कारण उनके सामने परिवार का खर्च चलाने और जीवनयापन करने में परेशानी हो रही है.

लाभार्थियों के पैसे का मुद्दा

आशा कार्यकर्ताओं ने कहा कि लाभार्थियों को भी उनकी राशि नहीं मिली है. इसके चलते गांवों में लाभार्थियों को लगता है कि उनका पैसा आशा कार्यकर्ताओं ने ले लिया है, जिससे उन्हें स्थानीय स्तर पर भी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है.

कार्यकर्ताओं के मुताबिक, उन्हें कई बार भुगतान का आश्वासन दिया गया, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ. इसी वजह से उन्हें प्रदर्शन करने के लिए मजबूर होना पड़ा.

लिखित आश्वासन के बाद प्रदर्शन समाप्त

आशा कार्यकर्ताओं ने सीएमओ के सामने लंबित भुगतान कराने, वेतन देने, वेतन में बढ़ोतरी करने और नियमित करने की मांग रखी. सीएमओ ने भुगतान सहित उचित मांगों को पूरा करने का लिखित आश्वासन दिया, जिसके बाद कार्यकर्ताओं ने अपना प्रदर्शन समाप्त कर दिया.

प्रदर्शन के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रभारी निरीक्षक कोतवाली कासगंज जगदीश चंद्र पुलिसकर्मियों की टीम के साथ मौके पर मौजूद रहे.