बांदा के केमिकल इंजीनियर आशीष शिवहरे की अयोध्या की यश पेपर मिल में 26 सितंबर को संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी. परिजनों और शिवहरे समाज ने हत्या का आरोप लगाते हुए सीबीआई जांच, आर्थिक सहायता और नौकरी की मांग की है.
बांदा. बिसंडा थाना क्षेत्र के ओरन कस्बा निवासी केमिकल इंजीनियर आशीष शिवहरे की अयोध्या की यश पेपर मिल में 26 सितंबर को संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी. मामले में सोमवार को परिजनों और शिवहरे समाज के लोगों ने बांदा में प्रदर्शन किया और कलेक्ट्रेट पहुंचकर राज्यपाल व मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा.
प्रदर्शनकारियों ने मामले की सीबीआई जांच कराने की मांग की. साथ ही मृतक के परिवार को 5 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता और परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने की मांग भी रखी गई.
हत्या का लगाया आरोप
शिवहरे समाज के पदाधिकारी बालकृष्ण शिवहरे ने कहा कि आशीष शिवहरे की मौत के मामले में परिवार को अब तक न्याय नहीं मिला है. प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि 26 सितंबर को आशीष की उसके एक वरिष्ठ अधिकारी और कंपनी के कुछ अन्य लोगों ने हत्या कर दी.

समाज के लोगों का कहना है कि घटना को करीब 10 दिन बीत चुके हैं, लेकिन पीड़ित परिवार को न्याय नहीं मिला. उन्होंने चेतावनी दी कि मांगें पूरी नहीं होने पर शिवहरे समाज के लोग पूरे प्रदेश में आंदोलन करेंगे.
चार साल से नौकरी
आशीष शिवहरे अयोध्या स्थित यश पेपर मिल में केमिकल इंजीनियर के पद पर कार्यरत थे. उनके पिता आनंद शिवहरे के मुताबिक, आशीष करीब चार वर्षों से कंपनी में काम कर रहे थे.
आनंद शिवहरे ने आरोप लगाया कि कंपनी के सीनियर मैनेजर अभिषेक सिंह और उसके साथियों ने 26 सितंबर को उनके बेटे की हत्या की. उन्होंने दावा किया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में शरीर के कई हिस्सों पर चोट के निशान मिले हैं और आरोप लगाया कि हत्या के बाद शव को पानी में डुबोया गया.
तीन लाख रुपये का विवाद
मृतक के पिता ने बताया कि आशीष ने कंपनी में कुछ लोगों को तीन लाख रुपये दिए थे. उनका आरोप है कि जब आशीष ने यह रकम वापस मांगी तो संबंधित लोगों ने कथित तौर पर साजिश रचकर उसकी हत्या कर दी.

आनंद शिवहरे ने मामले की जांच कराने की मांग की है. वहीं, प्रदर्शन में शामिल लोगों ने भी पूरे प्रकरण की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई.
सिटी मजिस्ट्रेट ने क्या कहा
बांदा के सिटी मजिस्ट्रेट दिनेश चंद्र ने बताया कि शिवहरे समाज के लोगों ने अपनी चार सूत्रीय मांगों को लेकर मुख्यमंत्री और राज्यपाल के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा है.
उन्होंने कहा कि ज्ञापन में आशीष शिवहरे नाम के केमिकल इंजीनियर की हत्या का कुछ लोगों पर आरोप लगाया गया है. ज्ञापन को संबंधित अधिकारियों तक भेजा जाएगा.

