अजयारविंद नामदेव, शहडोल। एक तरफ मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के जरिए सरकार आम लोगों की समस्याओं का त्वरित निराकरण करने का संदेश दे रही थी, तो दूसरी तरफ इसी अभियान में ड्यूटी के लिए तैनात पुलिस विभाग के एक ASI पर शराब के नशे में ग्रामीणों के साथ अभद्रता और मारपीट करने के गंभीर आरोप लगे हैं।
हैरानी की बात यह है कि पुलिसकर्मी ने जिला पंचायत सदस्य के साथ भी बदतमीजी की और हाथापाई पर उतारू हो गए। अब इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। एसपी तक शिकायत पहुंचने के बाद ASI को सस्पेंड कर दिया गया है।
मामला शहडोल जिले के जनपद पंचायत जयसिंहनगर अंतर्गत सीधी थाना क्षेत्र के बनसुकली का है। यहां मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान का कार्यक्रम आयोजित किया गया था, जिसमें जिले के कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक, जनप्रतिनिधियों सहित बड़ी संख्या में आम नागरिक शामिल होने पहुंचे थे। कार्यक्रम में सुरक्षा व्यवस्था के लिए सीधी थाने में पदस्थ ASI दीपक सिंह परिहार की ड्यूटी लगाई गई थी।
आरोप है कि ASI अपनी निर्धारित ड्यूटी पर जाने के बजाय कहीं दूसरी जगह पहुंच गए, जहां वे शराब के नशे में धुत थे। इसी दौरान उन्होंने सार्वजनिक स्थान पर पंचायत छेकता क्षेत्र के आदिवासी ग्रामीणों के साथ गाली-गलौज और मारपीट शुरू कर दी। पुलिसकर्मी के इस व्यवहार से नाराज ग्रामीणों ने विरोध जताया और घटनाक्रम का वीडियो अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया।
इसी दौरान मौके पर पहुंचे जिला पंचायत सदस्य गुजरात सिंह ने भी पुलिसकर्मी के इस रवैये पर आपत्ति जताई और उन्हें ऐसा करने से रोका। आरोप है कि इस पर ASI उनसे भी अभद्रता करने लगे और हाथापाई पर उतारू हो गए। इसके बाद जिला पंचायत सदस्य गुजरात सिंह ने मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान कार्यक्रम में पहुंचे पुलिस अधीक्षक डॉ. संजय कुमार अग्रवाल के सामने पूरे मामले की अमडीह के रहने वाले तौकीद ने लिखित शिकायत की ASI द्वारा उनके कर्मचारियों से जबरन 4 मुर्गा छीनी और 10 मुर्गे की डिमांड कर रहा था।
नहीं देने पर गाली गलौच कर अभद्र व्यवहार किया था। वहीं स्थानीय ग्रामीणों ने भी पुलिस अधीक्षक को लिखित शिकायत सौंपकर कार्रवाई की मांग की। एसपी ने मौके पर मौजूद लोगों को उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद शहडोल एसपी ने ASI दीपक सिंह परिहार को सस्पेंड कर दिया।
अब पुलिस विभाग के सामने अपने ही कर्मचारी के व्यवहार की जांच और कार्रवाई की चुनौती है। वर्दी में हो या सिविल ड्रेस में, कानून के रखवाले से कानून और आम नागरिकों के सम्मान की अपेक्षा की जाती है। वही इस मामले में शहडोल एसपी संजय कुमार अग्रवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि ASI को सस्पेंड कर दिया गया है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

