Asian Games 2026: जापान में होने वाले एशियन गेम्स 2026 में क्रिकेट मुकाबलों का शेड्यूल जारी हो गया है। भारतीय पुरुष और महिला दोनों टीमों को वरीयता दी गई है। ऐसे में टीम इंडिया सीधे क्वार्टर फाइनल से अपने अभियान की शुरुआत करेगी। पुरुष टीम 28 सितंबर को मैदान में उतरेगी, जबकि महिला टीम का पहला मुकाबला जापान के खिलाफ होगा।

पुरुष टीम की कप्तानी श्रेयस अय्यर को सौंपी गई है। तिलक वर्मा उपकप्तान होंगे। वहीं महिला टीम की कमान हरमनप्रीत कौर के हाथों में होगी और स्मृति मंधाना उपकप्तान की भूमिका निभाएंगी। भारत ने पिछले एशियन गेम्स में पुरुष और महिला दोनों वर्गों में स्वर्ण पदक जीता था।

24 सितंबर से शुरू होगा पुरुषों का टूर्नामेंट

पुरुषों की क्रिकेट प्रतियोगिता 24 सितंबर से शुरू होगी। प्रीलिमिनरी राउंड में छह टीमें दो ग्रुप में खेलेंगी। दोनों ग्रुप की शीर्ष दो टीमें क्वार्टर फाइनल के लिए क्वालिफाई करेंगी।

28 सितंबर को पहला मुकाबला खेलेगी पुरुष टीम

पुरुषों की क्रिकेट प्रतियोगिता में कुल 10 टीमें हिस्सा ले रही हैं। भारत, पाकिस्तान, बांग्लादेश और श्रीलंका को सीधे क्वार्टर फाइनल में जगह मिली है। वहीं अफगानिस्तान, जापान, नेपाल, हांगकांग, मलेशिया और ओमान प्रीलिमिनरी राउंड में खेलेंगी।

भारत का सामना 28 सितंबर को ग्रुप-ए में दूसरे स्थान पर रहने वाली टीम से होगा। ग्रुप-ए में अफगानिस्तान, नेपाल और जापान को रखा गया है। इस ग्रुप से अफगानिस्तान के शीर्ष पर रहने की संभावना है, जबकि नेपाल भी मजबूत टीम मानी जा रही है। हालांकि भारत का सामना किस टीम से होगा, यह प्रीलिमिनरी राउंड के नतीजों के बाद ही तय होगा।

फाइनल में हो सकता है भारत-पाकिस्तान मुकाबला

भारत और पाकिस्तान को पुरुष वर्ग में अलग-अलग क्वार्टर फाइनल मुकाबले मिले हैं। भारत 28 सितंबर को ग्रुप-ए की उपविजेता टीम से खेलेगा, जबकि पाकिस्तान का सामना ग्रुप-बी की उपविजेता टीम से होगा।

इसके बाद बांग्लादेश और श्रीलंका भी 29 सितंबर को अपने-अपने क्वार्टर फाइनल मुकाबले खेलेंगे। ड्रॉ के मुताबिक भारत और पाकिस्तान सेमीफाइनल में आमने-सामने नहीं आ सकते। दोनों टीमें अगर फाइनल में पहुंचती हैं, तभी 3 अक्टूबर को खिताबी मुकाबले में एक-दूसरे के सामने होंगी।

पुरुषों की क्रिकेट प्रतियोगिता का कार्यक्रम

24 सितंबर — जापान vs अफगानिस्तान
24 सितंबर — मलेशिया vs हांगकांग
25 सितंबर — नेपाल vs अफगानिस्तान
25 सितंबर — ओमान vs हांगकांग
26 सितंबर — नेपाल vs जापान
26 सितंबर — ओमान vs मलेशिया

28 सितंबर — भारत vs ग्रुप-ए की उपविजेता टीम
28 सितंबर — पाकिस्तान vs ग्रुप-बी की उपविजेता टीम
29 सितंबर — बांग्लादेश vs ग्रुप-बी की विजेता टीम
29 सितंबर — श्रीलंका vs ग्रुप-ए की विजेता टीम

1 अक्टूबर — पहला सेमीफाइनल
1 अक्टूबर — दूसरा सेमीफाइनल
3 अक्टूबर — कांस्य पदक मुकाबला
3 अक्टूबर — फाइनल

महिला टीम का पहला मुकाबला जापान से

महिला क्रिकेट प्रतियोगिता में कुल आठ टीमें हिस्सा लेंगी। इनमें भारत, पाकिस्तान, श्रीलंका, बांग्लादेश, थाईलैंड, जापान, चीन और मलेशिया शामिल हैं।

महिला टूर्नामेंट 17 सितंबर से शुरू होगा और 22 सितंबर को फाइनल खेला जाएगा। भारत का पहला मुकाबला जापान के खिलाफ होगा। इसके बाद 20 सितंबर को दोनों सेमीफाइनल और 22 सितंबर को कांस्य पदक तथा फाइनल मुकाबला खेला जाएगा।

महिला क्रिकेट का कार्यक्रम

17 सितंबर — जापान vs भारत
17 सितंबर — चीन vs बांग्लादेश
18 सितंबर — श्रीलंका vs मलेशिया
18 सितंबर — थाईलैंड vs पाकिस्तान

20 सितंबर — पहला सेमीफाइनल
20 सितंबर — दूसरा सेमीफाइनल
22 सितंबर — कांस्य पदक मुकाबला
22 सितंबर — फाइनल

वैभव सूर्यवंशी को भी मिली जगह

एशियन गेम्स के लिए घोषित भारतीय पुरुष टीम में युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को भी शामिल किया गया है। टीम में जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर और अभिषेक शर्मा जैसे खिलाड़ी भी हैं।

भारतीय पुरुष टीम

श्रेयस अय्यर (कप्तान), अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), ईशान किशन (विकेटकीपर), शिवम दुबे, तिलक वर्मा, नितीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर, वरुण चक्रवर्ती, रवि बिश्नोई, जसप्रीत बुमराह, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह और वैभव सूर्यवंशी।

महिला टीम में हरमनप्रीत कौर और स्मृति मंधाना के अलावा शेफाली वर्मा, दीप्ति शर्मा, ऋचा घोष और रेणुका ठाकुर जैसे प्रमुख खिलाड़ी शामिल हैं।

भारतीय महिला टीम

हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना (उपकप्तान), शेफाली वर्मा, भारती फुलमाली, दीप्ति शर्मा, ऋचा घोष (विकेटकीपर), जी कमलिनी (विकेटकीपर), अरुंधति रेड्डी, प्रेमा रावत, राधा यादव, श्री चरणी, रेणुका ठाकुर, नंदनी शर्मा, क्रांति गौड़ और प्रतिका रावल।

कोरोगी एथलेटिक पार्क में खेले जाएंगे क्रिकेट के मुकाबले

एशियन गेम्स 2026 में क्रिकेट के सभी मुकाबले नागोया के पास स्थित कोरोगी एथलेटिक पार्क में खेले जाएंगे। पुरुष टूर्नामेंट 24 सितंबर से 3 अक्टूबर तक चलेगा, जबकि महिला प्रतियोगिता 17 से 22 सितंबर तक आयोजित होगी।

भारत की दोनों टीमों के सामने पिछले प्रदर्शन को दोहराने और एक बार फिर स्वर्ण पदक जीतने की चुनौती होगी। खास तौर पर पुरुष वर्ग में भारत और पाकिस्तान के बीच संभावित फाइनल मुकाबले ने टूर्नामेंट को लेकर उत्सुकता बढ़ा दी है।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H