नई दिल्ली। जापान में आयोजित एशियन गेम्स 2026 में शानदार प्रदर्शन कर भारतीय तीरंदाजी टीम स्वदेश लौट आई है। नयी दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर भारतीय तीरंदाजों का जोरदार स्वागत किया गया। भारतीय तीरंदाजी संघ के अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा ने संघ के पदाधिकारियों के साथ खिलाड़ियों का अभिनंदन कर उनकी उपलब्धि पर बधाई दी।

पांच स्वर्ण समेत कुल 9 पदक, देश का बढ़ाया मान

भारतीय तीरंदाजों ने एशियन गेम्स में शानदार प्रदर्शन करते हुए 5 स्वर्ण, 2 रजत और 2 कांस्य पदक, यानी कुल 9 पदक अपने नाम किए। टीम की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर अर्जुन मुंडा ने खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और उनके परिवारों को बधाई दी।

उन्होंने कहा कि यह सफलता वर्षों की कड़ी मेहनत, अनुशासन और दृढ़ संकल्प का परिणाम है। प्रत्येक पदक के पीछे खिलाड़ियों के संघर्ष, समर्पण और मेहनत की कहानी है। भारतीय तीरंदाजों की यह उपलब्धि देश के युवाओं को बड़े लक्ष्य निर्धारित कर उन्हें हासिल करने के लिए प्रेरित करेगी।

कोच और सपोर्ट स्टाफ को भी दिया श्रेय

अर्जुन मुंडा ने भारतीय तीरंदाजों की सफलता में कोच और सहयोगी स्टाफ की भूमिका की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों की शानदार उपलब्धि के पीछे पूरी टीम का सामूहिक प्रयास है।

उन्होंने विश्वास जताया कि भारतीय तीरंदाज आगामी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भी इसी तरह शानदार प्रदर्शन करते हुए देश का गौरव बढ़ाते रहेंगे। मुंडा ने भारतीय तीरंदाजी को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने की अपनी प्रतिबद्धता भी दोहराई।