Asian Games 2026 में भारतीय मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स (MMA) फाइटर वरुण सान्याल बिना क्वार्टरफाइनल मुकाबला खेले ही बाहर हो गए। वरुण रात करीब 1 बजे वजन कम करने के लिए सॉना गए थे। इसी दौरान वह बेहोश हो गए। नेपाल के एक एथलीट ने उन्हें देखा और डॉक्टर तक पहुंचाने में मदद की। सूचना मिलने के बाद भारतीय अधिकारी भी तुरंत वहां पहुंचे।

वरुण को अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मुकाबले के लिए अनफिट घोषित कर दिया। हालांकि, उनकी हालत अब खतरे से बाहर बताई जा रही है। अनफिट होने के कारण वह क्वार्टरफाइनल मुकाबले में हिस्सा नहीं ले सके।

77 किलो कैटेगरी में अकेले भारतीय थे वरुण

23 वर्षीय वरुण पुरुषों की ट्रेडिशनल 77 किलोग्राम कैटेगरी में भारत के एकमात्र MMA फाइटर थे। शुरुआती राउंड में उन्हें बाय मिला था। इसके चलते वह सीधे टॉप-8 में पहुंच गए थे।

क्वार्टरफाइनल में उनका मुकाबला बहरीन के मुखम्मद नबीव से होना था। मुकाबले से पहले ही मेडिकल जांच में अनफिट घोषित किए जाने के कारण वरुण को प्रतियोगिता से बाहर होना पड़ा।

वजन घटाने के लिए सॉना गए थे

रिपोर्ट के मुताबिक, वरुण शाम को टीम की साथी सुचिका तारियाल के साथ थे। इसके बाद वह वजन कम करने के लिए सॉना चले गए। सॉना में गर्मी और भाप के कारण शरीर से पसीना निकलता है। इसका इस्तेमाल वजन कम करने की कोशिश में भी किया जाता है।

रात करीब 1 बजे वरुण सॉना में बेहोश हो गए। गनीमत रही कि नेपाल के एक एथलीट की नजर उन पर पड़ गई। उसने तत्काल मदद की और वरुण को डॉक्टर तक पहुंचाया।

घटना की जानकारी मिलने पर भारतीय अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। अध्यक्ष निखिल कुंदर समेत भारतीय अधिकारियों ने स्थिति का जायजा लिया। बाद में वरुण की हालत खतरे से बाहर बताई गई, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मुकाबले के लिए अनफिट माना।

सुचिका सेमीफाइनल में पहुंचीं, भारत का मेडल पक्का

MMA में भारत के लिए एक अच्छी खबर भी सामने आई है। महिलाओं की ट्रेडिशनल 60 किलोग्राम कैटेगरी में सुचिका तारियाल ने क्वार्टरफाइनल मुकाबला जीत लिया है। इसके साथ ही उन्होंने सेमीफाइनल में जगह बना ली।

सुचिका के सेमीफाइनल में पहुंचने के साथ ही एशियन गेम्स 2026 में MMA से भारत का एक पदक पक्का हो गया है। वह एशियन गेम्स में भारत की दूसरी MMA फाइटर हैं।

इस तरह भारत के दोनों MMA फाइटर्स में से वरुण का सफर क्वार्टरफाइनल से पहले ही खत्म हो गया, जबकि सुचिका ने सेमीफाइनल में जगह बनाकर पदक सुनिश्चित कर लिया है।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H