जमशेदपुर। झारखंड के जमशेदपुर में बर्मामाइंस दुर्गा पूजा मैदान में लगे मेले के दौरान रविवार रात बड़ा हादसा हो गया। मौत के कुएं में बाइक से खतरनाक स्टंट कर रही एक युवती की मोटरसाइकिल में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते बाइक आग की लपटों से घिर गई। इस दौरान संतुलन बिगड़ने से युवती नीचे गिर गई और झुलसकर घायल हो गई। हादसे के बाद मेले में अफरा-तफरी मच गई।

20 फीट ऊंचे मौत के कुएं में उठीं आग की लपटें, दर्शकों में मची चीख-पुकार

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रविवार रात मौत के कुएं में करतब दिखाने के दौरान रोमांच चरम पर था। तेज संगीत और दर्शकों की तालियों के बीच युवती मोटरसाइकिल से करीब 20 फीट ऊंचे लकड़ी के कुएं की दीवार पर तेज रफ्तार में चक्कर लगा रही थी। इसी दौरान अचानक बाइक के इंजन के पास से धुआं और चिंगारी निकलने लगी।

कुछ ही पलों में मोटरसाइकिल आग की लपटों से घिर गई। आग इतनी तेजी से फैली कि युवती बाइक पर अपना संतुलन नहीं संभाल सकी और नीचे गिरकर झुलस गई।

हादसा देख सहमे दर्शक, मची भगदड़

मौत के कुएं के भीतर आग की ऊंची लपटें उठती देख ऊपर मंच पर खड़े सैकड़ों दर्शकों में चीख-पुकार मच गई। रोमांचक करतब देखने पहुंचे लोगों के बीच अचानक भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया।

घायल युवती अस्पताल में भर्ती

हादसे में झुलसी युवती को आनन-फानन में इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया। बाइक में आग लगने के कारणों और युवती की चोटों की गंभीरता को लेकर फिलहाल विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।मेले में मौत के कुएं जैसे जोखिम भरे करतब के दौरान हुए इस हादसे ने सुरक्षा इंतजामों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।