Atar Singh Bhadana Murder Case: राजस्थान के भरतपुर जिले में पूर्व विधायक अतर सिंह भड़ाना हत्याकांड की जांच के दौरान पुलिस ने तीन और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें 5 हजार रुपये का इनामी आरोपी दानवीर भी शामिल है। तीनों आरोपी वैर थाना क्षेत्र के भौंडा गांव के रहने वाले हैं। इन गिरफ्तारियों के बाद मामले में पकड़े गए आरोपियों की संख्या बढ़कर 22 हो गई है। पुलिस अब भी अन्य वांछित आरोपियों की तलाश में जुटी है।

दानवीर समेत तीन आरोपी गिरफ्तार
एसपी राजेश कुमार मीना ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बलराम उर्फ पप्पू (35), पुत्र राजेंद्र सिंह, राजो उर्फ राजू (50), पुत्र लाल सिंह और दानवीर (44), पुत्र राम खिलाड़ी के रूप में हुई है। तीनों भौंडा गांव के निवासी हैं।
पुलिस के मुताबिक, दानवीर पर 5 हजार रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई करेगी। एसपी के निर्देशन में वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
क्रशर विवाद के बाद हुआ था पूर्व विधायक पर हमला
मामला वैर थाना क्षेत्र के भौंडा गांव का है। यहां 11 अक्टूबर की रात क्रशर विवाद को लेकर पूर्व विधायक अतर सिंह भड़ाना पर हमला हुआ था। हमले में गंभीर रूप से घायल भड़ाना को इलाज के लिए जयपुर ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
घटना के बाद पुलिस ने करीब 80 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। आरोपियों की तलाश और गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें गठित की गईं।
अब तक 22 आरोपी गिरफ्तार, बाकी की तलाश जारी
पुलिस के अनुसार, जांच के दौरान संदिग्धों और वांछित आरोपियों की तलाश लगातार जारी रही। कुछ मुख्य आरोपियों पर इनाम भी घोषित किया गया था। ताजा कार्रवाई के बाद अब तक 22 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। शेष वांछित आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पढ़ें ये खबरें
- Jharkhand 108 Ambulance Workers: छठ तक टली 108 एंबुलेंस कर्मियों की हड़ताल, 18 नवंबर से अनिश्चितकालीन आंदोलन की चेतावनी
- विधायक रेणु बाला फिर चर्चा में, CM सैनी की तारीफ में पढ़े कसीदे, बोलीं- मिलकर जनता की सेवा करती रहूंगी
- अतर सिंह भड़ाना हत्याकांड में बड़ा अपडेट, 5 हजार का इनामी आरोपी के साथ अब तक 22 गिरफ्तार
- जम्मू रेलवे स्टेशन के सामने शिवा मार्केट में आग का तांडव, 35-40 दुकानें स्वाहा; सैकड़ों दुकानदारों की रोजी-रोटी छिन गई
- Jharkhand News: मुड़मा जतरा मेले में सुरक्षा के कड़े इंतजाम, ड्रोन-CCTV से निगरानी, 21 गश्ती दल तैनात

