औरंगाबाद। जिले के कुटुंबा थाना क्षेत्र में चोरी की एक बड़ी वारदात का पुलिस ने रिकॉर्ड समय में खुलासा किया है। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मोबाइल टावर लोकेशन की मदद से घटना के 14 घंटे के भीतर ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। चोरी किए गए लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात और नकदी को भी सुरक्षित बरामद कर लिया गया है।
घटना का विवरण
मामला संडा गांव का है जहां शुक्रवार की रात अशोक मेहता के घर को चोरों ने निशाना बनाया। चोरों ने घर का मुख्य दरवाजा खुला होने का फायदा उठाकर अंदर प्रवेश किया और अलमारी में रखे कीमती सामान मोबाइल फोन व नकदी पर हाथ साफ कर दिया। घर के सदस्यों को चोरी की भनक तक नहीं लगी। शनिवार की सुबह जब परिवार की नींद खुली तो घर का सामान बिखरा देखकर चोरी का पता चला। अशोक मेहता ने तुरंत कुटुंबा थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई।
तकनीकी जांच से आरोपी तक पहुंची पुलिस
थानाध्यक्ष इमरान अली ने मामले को गंभीरता से लेते हुए एसआई मिकू कुमार और एएसआई पंकज कुमार के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम गठित की। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और तकनीकी साक्ष्यों व मोबाइल टावर लोकेशन को खंगालना शुरू किया। जांच के दौरान पिपरा बगाही गांव के निवासी छोटू पवरिया (पिता- ललन पवरिया) पर शक गहराया। हिरासत में लेकर की गई सख्ती से पूछताछ में आरोपी ने अपना गुनाह कबूल कर लिया।
झाड़ियों में छिपाया था बक्सा
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने उसके घर और संडा-मटपा रोड के पास की झाड़ियों से चोरी का पूरा सामान बरामद किया। इसमें एक जोड़ी सोने का टॉप्स, दो सोने की चेन, चार सोने की अंगूठियां, तीन मंगलसूत्र, तीन जोड़ी चांदी की पायल और दो जोड़ी चांदी की बिछिया शामिल हैं। इसके अलावा दो मोबाइल फोन (रेडमी और जियो) तथा 16,500 रुपये नकद भी बरामद किए गए। आरोपी ने चोरी का बक्सा झाड़ियों में छिपा दिया था, जिसे पुलिस ने तलाश कर निकाल लिया।
थानाध्यक्ष इमरान अली ने बताया कि आरोपी के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की क्षेत्र में सराहना हो रही है।

