अविनाश श्रीवास्तव, रोहतास। बिहार में आपराधिक घटनाएं कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। राज्य के अलग-अलग हिस्सों से हर रोज हत्या, लूट और दुष्कर्म जैसे गंभीर मामले सामने आते रहते हैं। ताजा मामला रोहतास जिले के सासाराम से सामने आया है, जहां बेखौफ बदमाशों ने नोखा थाना क्षेत्र के जयनगरा के पास एक ऑटो ड्राइवर को गोली मारने के बाद उसका ऑटो, पैसा और मोबाइल लूटकर फरार हो गए।

ऑटो को रिजर्व बुक कर की लूटपाट

घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल हो गया। स्थानीय लोगों ने आनन-फानन में घायल ऑटो ड्राइवर गौतम कुमार उर्फ गोलू को इलाज के लिए सासाराम अस्पताल पहुंचाया। घायल गौतम संझौली थाना क्षेत्र के अमैठी गांव के रहने वाला है। घटना के बारे में बताया जाता है कि सासाराम से नोखा जाने के लिए दो युवकों ने सासाराम से ऑटो रिजर्व भाड़ा किया। लेकिन जैसे ही ऑटो नोखा थाना क्षेत्र के जयनगरा और कदवा गांव बीच पहुंची, यात्री बनकर ऑटो में बैठे दो बदमाशों ने ड्राइवर के पास जो रूपए पैसे थे, वह छीन लिया। उसका मोबाइल फोन भी छीन लिया।

विरोध करने पर कमर में मारी गोली

ऑटो ड्राइवर ने जब इसका विरोध किया तो बदमाशों ने उसके कमर में गोली मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। हद तो तब हो गई, जब गोली मारने के बाद अपराधी ऑटो को भी लूटकर फरार हो गए। उधर स्थानीय लोगों के प्रयास से घायल गौतम को इलाज के लिए सासाराम के साथ अस्पताल लाया गया है, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया।

छानबीन में जुटी पुलिस

इलाज कर रहे डॉक्टर का कहना है कि युवक के कमर में गोली लगी है। प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर चिकित्सा के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है। वहीं, दूसरी ओर घटना की सूचना मिलने के बाद सक्रिय हुई पुलिस ने घटनास्थल पर जाकर मौके का जायजा लिया और अपराधियों को धर-पकड़ के लिए कार्रवाई शुरू की। ऐसे में अब यह देखने वाली बात होगी की पुलिस कब तक लूटपाट करने वाले बदमाशों को गिरफ्तार कर इस घटना का खुलासा करती है।

ये भी पढ़ें- बेगूसराय में भीषण सड़क हादसा: तीन दरोगा समेत 4 लोगों की दर्दनाक मौत, पुलिस महकमे में पसरा मातम