प्रवीण भारद्वाज,पानीपत। असंध रोड पर एक ऑटो मोबाइल की दुकान में अचानक आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। आग इतनी तेजी से फैली कि दुकान में रखा कीमती स्पेयर पार्ट जलकर खाक हो गया, वहीं मरम्मत के लिए आई तीन मोटरसाइकिलें भी पूरी तरह जलकर राख हो गईं।

दमकल की मुस्तैदी से टला बड़ा हादसा

गनीमत रही कि दमकल विभाग ने समय रहते मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पा लिया, जिससे आग आसपास की दुकानों तक नहीं फैल सकी और बड़ा हादसा टल गया।

दुकानदार को लाखों का नुकसान

जानकारी के अनुसार, कच्चा कैंप निवासी आफताब पिछले करीब ढाई साल से “आफताब ऑटो मोबाइल” के नाम से दुकान चला रहे हैं।
रात करीब 9 बजे दुकान बंद कर घर पहुंचे ही थे कि कुछ देर बाद पड़ोसियों ने फोन कर आग लगने की सूचना दी।

आफताब तुरंत मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आग काफी फैल चुकी थी। इस घटना में करीब 3 लाख रुपये का नुकसान बताया जा रहा है।

आग लगने के कारणों की जांच जारी

फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। आशंका जताई जा रही है कि शॉर्ट सर्किट के चलते यह हादसा हुआ हो सकता है। मामले की जांच की जा रही है।