मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के साथ लखनऊ में वीरांगना अवंतीबाई लोधी की भव्य अश्वारोही प्रतिमा का लोकार्पण किया. कार्यक्रम में सीएम योगी ने सपा पर भ्रष्टाचार, जातीय राजनीति और कानून-व्यवस्था को लेकर आरोप लगाए.
सतीश सिंह, लखनऊ. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के साथ वीरांगना अवंतीबाई लोधी की भव्य अश्वारोही प्रतिमा का लोकार्पण किया और उन्हें पुष्पांजलि अर्पित की. इस दौरान मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी पर भ्रष्टाचार, जातीय राजनीति और कानून-व्यवस्था को लेकर निशाना साधा.
जेपीएनआईसी पर आरोप
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ स्थित जयप्रकाश नारायण इंटरनेशनल सेंटर (जेपीएनआईसी) को सपा शासनकाल के भ्रष्टाचार का जीवंत स्मारक बताया. उन्होंने आरोप लगाया कि परियोजना की मूल लागत 200 करोड़ रुपये थी, लेकिन 864 करोड़ रुपये खर्च होने के बावजूद यह अधूरी रही.
उन्होंने कहा कि जनता के पैसे पर किसी राजनीतिक दल को डकैती की छूट नहीं दी जा सकती. सरकार ने संबंधित कमेटी को भंग कर सेंटर को लखनऊ विकास प्राधिकरण के अधीन कर दिया है और खर्च की गई राशि की वसूली का प्रयास किया जाएगा.
जातीय राजनीति का आरोप
मुख्यमंत्री ने सपा पर जाति के नाम पर समाज को बांटने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा, “हम बटेंगे नहीं, तो कटेंगे भी नहीं.”
योगी आदित्यनाथ ने सपा को दंगों की बादशाह बताते हुए कर्फ्यू और सरकारी खजाने में लूट-खसोट को उसकी पहचान बताया. मिशन शक्ति का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के लिए काम कर रही है.
उन्होंने बताया कि प्रदेश में वीरांगना ऊदा देवी, झलकारी बाई और अवंतीबाई लोधी के नाम पर तीन महिला पीएसी बटालियन गठित की गई हैं. इनमें लखनऊ, गोरखपुर और बदायूं में बटालियन बनाई जा रही हैं.
अवंतीबाई के योगदान
वीरांगना अवंतीबाई लोधी के योगदान का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि मात्र 26 वर्ष की आयु में उन्होंने प्रथम स्वतंत्रता संग्राम में अंग्रेजों के खिलाफ संघर्ष का नेतृत्व किया था. उन्होंने महापुरुषों के सम्मान की परंपरा को आगे बढ़ाने की अपील की.
कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री बीएल वर्मा, उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह, बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री संदीप सिंह, लखनऊ की महापौर सुषमा खर्कवाल समेत कई जनप्रतिनिधि और समाज के लोग मौजूद रहे.


