“All that glitters is not gold” चकाचौंध के पीछे छिपी सच्चाई को गौर से देखा और टटोला जाए तो महसूस होता है कि दिखने वाला उजाला दरअसल छलावा ही रहता है। दिखावे की दुनिया में सच्चाई कई परतों के भीतर होती है। बाहरी चमक-दमक सिर्फ़ भ्रम का एक माया जाल है। बाहरी सुंदरता अक्सर अंदर की सच्चाई को छुपा लेती है।आकर्षित करने वाले चीज़ों की असलियत जानने के लिए उसे परखना ज़रूरी होता है। ख़ासकर जीवन के निर्णायक क्षणों में दिखावे पर भरोसा बिलकुल न क़रें। एक प्रसिद्ध कहावत है “All that glitters is not gold” अर्थात् “हर चमकती चीज़ सोना नहीं होती” अंग्रेज़ी की यह कठोर पंक्ति जीवन के सत्य को गहराई से उजागर करती है। यह कहावत आज और भी प्रासंगिक हो गई है जब सोशल मीडिया पर लोग अपने जीवन का सिर्फ अच्छा और चमकदार पक्ष दिखाकर यह साबित करने में तुले हुए हैं कि उनकी जिंदगी सार्थक और परफेक्ट है। जबकि हकीकत इससे कोसो दूर हो सकती है। मन में ग़लत इरादा रख कर भी मीठी बातों से भरोसा जीता जा सकता मगर याद रहे इसका दूरगामी परिणाम घातक हो सकता है।


बाहर से आकर्षक, सुंदर और लुभावनी दिखने वाली चीज़ ज़रूरी नहीं कि अंदर से भी उतनी ही मूल्यवान या अच्छी हो इसलिए बाहरी दिखावे से प्रभावित होकर जल्दबाज़ी में निर्णय लेना पछतावे का कारण भी हो सकता है। जीवन में सफलता और सच्ची खुशी पाने के लिए बहुत आवश्यक है कि हमारे भीतर वस्तु या व्यक्ति का सही मूल्यांकन करने की कला और सूझ-बूझ हो।


विवेक और सतर्कता को दरकिनार करके हर चमकती वस्तु को सोना मान लेने वाले निश्चित धोखा खाते हैं आप भी सावधान रहें और उनमें आप अपना नाम न लिखवाएं।

संदीप अखिल

सलाहकार संपादक

न्यूज 24 मध्य प्रदेश छत्तीसगढ़/लल्लूराम डॉट कॉम

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H