अयोध्या. श्रीराम मंदिर चढ़ावा गबन (Ram Temple Offering Embezzlement) को लेकर बार एसोसिएशन (Ayodhya Bar Association) एक बार फिर मुखर हो गया है. एसोसिएशन ने पुलिस को चेतावनी दी है. कहा है कि तीन दिन बाद FIR की कॉपी लेने थाने आएंगे. अगर हमारी तहरीर पर FIR नहीं हुई तो अयोध्या के वकील उग्र आंदोलन करेंगे. तहरीर में चंपत राय और अनिल मिश्रा को नामजद किया गया था. लेकिन अयोध्या पुलिस ने दोनों के खिलाफ FIR नहीं लिखी.
बता दें कि राम मंदिर चढ़ावा गबन मामले में केस दर्ज होने के बाद बीते सोमवार (29 जून) को अयोध्या बार एसोसिएशन की आपातकालीन बैठक हुई थी. जिसमें बार एसोसिएशन चढ़ावा गबन मामले के किसी भी आरोपित का मुकदमा न लड़ने का निर्णय पहले ही ले चुका है. इसके साथ ही किसी के लड़ने पर उसके ऊपर बड़ा जुर्माना भी लगाए जाने का निर्णय लिया गया था. साथ ही केस लड़ने वाले की बार एसोसिएशन की आजीवन सदस्यता भी छीन ली जाएगी.
इसे भी पढ़ें : राम मंदिर चढ़ावा मामले में प्रमोद तिवारी का भाजपा पर हमला, बोले- भगवान राम के पुजारी हम, ‘भाजपा’ व्यापारी
एसोसिएशन के अध्यक्ष कालिका प्रसाद मिश्रा ने बैठक में कहा कि इस मामले में कोई भी वकील आरोपी का पक्ष नहीं रखेगा और अगर कोई ऐसा करता है, तो उस पर पांच लाख रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा. बैठक में प्रकरण की सीबीआई जांच के साथ ही चंपतराय, गोपाल राव और अनिल मिश्र के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराने के लिए याचिका भी प्रस्तुत करने का निर्णय लिया गया है. इसके अलावा एसोसिएशन की बैठक में वकीलों ने मुखर होकर कहा कि चंपतराय, अनिल मिश्रा और गोपाल राय को अयोध्या छोड़ना होगा. अगर तीन दिन के अंदर अयोध्या नहीं छोड़ते हैं तो पूरी अयोध्या को जाम कर दिया जाएगा.

