मयंक श्रीवास्तव, अयोध्या. समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के चुनाव लड़ने के चैलेंज को लेकर सियासी पारा चढ़ गया है. अयोध्या के भाजपा विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने अखिलेश यादव को अयोध्या आकर चुनाव लड़ने की खुली चुनौती दी है. विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने कहा कि यदि अयोध्या में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और सपा मुखिया अखिलेश यादव के बीच सीधा मुकाबला होता है, तो यह चुनाव पूरी तरह से एकतरफा होगा. उन्होंने दावा किया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सामने अखिलेश यादव अपनी जमानत तक नहीं बचा पाएंगे.
विधायक ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 2017 के बाद अयोध्या की तस्वीर पूरी तरह बदल दी है. अयोध्या आज विकास, आस्था और पर्यटन का वैश्विक केंद्र बन चुका है. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अयोध्या को वैश्विक पर्यटन नगरी बनाने के संकल्प को धरातल पर उतारा गया है.सपा मुखिया पर निशाना साधते हुए वेद प्रकाश गुप्ता ने अखिलेश यादव के पांच साल के मुख्यमंत्री कार्यकाल पर सवाल खड़े किए. उन्होंने आरोप लगाया कि अखिलेश यादव के कार्यकाल में अयोध्या के लिए कोई उल्लेखनीय कार्य नहीं हुआ.
इसे भी पढ़ें : अयोध्या से चुनाव लड़ेंगे अखिलेश यादव? पवन पांडे बोले- ‘सपा भी लड़ेगी, अखिलेश भी आएंगे’, योगी पहले अपनी टिकट लगवाएं फिर बात करें
विधायक ने कहा कि अखिलेश यादव की कैबिनेट में अयोध्या के प्रतिनिधि मंत्री के तौर पर शामिल थे, इसके बावजूद अयोध्या में कोई विकास कार्य नहीं कराए गए. उन्होंने कहा कि यह समझ से परे है कि अखिलेश यादव अयोध्या को लेकर इतने परेशान क्यों हैं. वेद प्रकाश गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या सहित देश के सभी प्रमुख तीर्थस्थलों को नई पहचान दिलाने का काम किया है, जबकि सपा सरकार में अयोध्या उपेक्षा का शिकार रही.

