देवरिया. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को देवरिया दौरे पर थे. यहां वे विभिन्न विकासकार्यों के लोकार्पण और शिलान्यास कार्यक्रम में शामिल हुए. इस दौरान उन्होंने अयोध्या का जिक्र करते हुए दिल्ली के पूर्व सीएम और आम आदमी पार्टी प्रमुख अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधा. केजरीवाल आज अयोध्या दौरे पर पहुंचे थे. जिसे लेकर योगी ने उन पर निशाना साधा. योगी ने कहा कि दिल्ली से एक सज्जन आज आयोध्या आए हैं. उन्होंने दिल्ली को बर्बादी के सिवा कुछ नहीं दिया. इस पर केजरीवाल ने पलटवार करते हुए योगी को सतर्क किया है.
केजरीवाल ने एक्स पर लिखा कि ‘महाराज जी आप चंदा चोरों का क्यो साथ दे रहे हो? ये चंदा चोर आपको भी हटाने का षड्यंत्र कर रहे हैं. आपकी कुर्सी भी नहीं छोड़ेंगे. भगवान राम के घर हुई महा डकैती के राक्षसों को सरे आम फांसी दिलवाने के मेरे संघर्ष में आप मेरा साथ दीजिए. इस महापाप में भागीदार मत बनिए.’
इसे भी पढ़ें : BREAKING : चंपत राय और अनिल मिश्रा का इस्तीफा, गबन के आरोपों के बाद से दोनों पर था दबाव
बता दें कि कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने केजरीवाल के लिए कहा था कि ‘दिल्ली से भी एक सज्जन आए हैं आज. मैं उनसे कहना चाहूंगा कि दिल्ली की जनता ने उन्हें 15 वर्ष तक अवसर दिया लेकिन दिल्ली को उन्होंने बर्बादी और भ्रष्टाचार के सिवाय कुछ नहीं दिया. आज मैं उनसे कहना चाहूंगा कि अयोध्या को डबल इंजन की सरकार ने जो सजाया है संवारा है, देखिए इस मॉडल को और फिर अपने कारनामों पर पश्चाताप करो. अगर यही न्याय जो अयोध्या के साथ डबल इंजन की बीजेपी की सरकार ने किया है, यदि यही न्याय दिल्ली की सरकार दिल्ली के साथ करती तो दिल्ली ऐसे ही चमकती जैसे आज अयोध्या चमक रही है.’
योगी ने आगे कहा कि ‘चारो ओर फोरलेन की कनेक्टिविटी, इंटरनेशनल एयरपोर्ट, अयोध्या धाम में जो यात्री विश्रामालय बने हैं वो निषादराज के नाम है. भगवान राम के 14 वर्ष के वनवास के उस कालखंड के दौरान उन्होंने माता शबरी के बेर खाए थे, इसलिए रसोई अयोध्या धाम में बन रही है माता शबरी के नाम पर. भगवान राम के साथ हम सबको जोड़ने के काम अगर सबसे पहले किसी ने किया है तो वो त्रिकालदर्शी महर्षि वाल्मिकी ने किया है. अयोध्या का इंटरनेशनल एयरपोर्ट महर्षि वाल्मिकी के नाम पर बन रहा है. ये डबल इंजन की सरकार है, यही काम करती है.’

