मयंक श्रीवास्तव, अयोध्या. कर्ज और बेरोजगारी में डूबे मीरा मांझी के परिवार की मदद करने के लिए पूर्व मंत्री तेजनारायण पांडे सामने आए हैं. उन्होंने आवास पहुंचकर परिवार को तत्काल 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी और बैंक का बचा हुआ समस्त कर्ज स्वयं चुकाने का वादा किया.

पूर्व विधायक ने कहा कि जिस घर में प्रधानमंत्री ने चाय पी, मीडिया में खूब प्रचार हुआ कि मीरा मांझी की किस्मत बदल गई, आज जमीनी हकीकत उन दावों से बिल्कुल अलग है. परिवार का कारोबार ठप है, कर्ज चुकाने में असमर्थ है और आर्थिक स्थिति बेहद खराब हो चुकी है. उन्होंने कहा कि किसी गरीब के घर प्रधानमंत्री का पहुंच जाना और तस्वीर दिखा देना विकास नहीं है, उस परिवार के जीवन में वास्तविक बदलाव लाना भी शासन-प्रशासन की जिम्मेदारी है.

इसे भी पढ़ें : मोदी जी तो चाय पीकर निकल गए! अब कर्ज और बेरोजगारी में डूबे परिवार की कौन लेगा सुध?

पूर्व विधायक ने कहा कि यह सरकार के दावों और जमीनी हकीकत के बीच का अंतर उजागर करता है, जो बेहद चिंताजनक और दुर्भाग्यपूर्ण है. गरीबों की तकदीर बड़े प्रचार और खोखले दावों से नहीं, बल्कि वास्तविक सहायता और धरातल पर किए गए कार्यों से बदलती है. उन्होंने कहा,परिवार की समस्याएं सुनीं और हर सुख-दुख में साथ खड़े रहने का भरोसा दिलाया. उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव की सरकार बनने पर इस परिवार को आर्थिक तंगी से बाहर निकालकर तरक्की और खुशहाली के रास्ते पर ले जाया जाएगा.