अयोध्या. पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर गुरुवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे में तीन यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 20 लोग घायल हो गए. घायलों में पांच की हालत गंभीर बताई जा रही है. हादसा बल्दीराय थाना क्षेत्र में सुबह करीब 5:30 बजे हुआ.

इसे भी पढ़ें- बस एक कॉल से होगी हेल्प! नेपाल में फंसे UP के लोगों के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी, CM योगी ने अधिकारियों को दिए अहम निर्देश

जानकारी के अनुसार, यात्रियों से भरी बस गुरुग्राम से गोरखपुर के रास्ते बिहार जा रही थी. बस में सवार लोग रक्षाबंधन का त्योहार मनाने अपने घर लौट रहे थे. यात्रियों का आरोप है कि बस चालक पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर बार-बार बस रोक रहा था. यात्रियों ने उसे कई बार ऐसा करने से मना किया, लेकिन उसने उनकी बात नहीं सुनी.

पीछे से तेज रफ्तार ट्रक ने मारी टक्कर

बताया जा रहा है कि इसी दौरान पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रक ने बस में जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि धमाके जैसी आवाज हुई और बस का पिछला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. हादसे के बाद बस में चीख-पुकार मच गई. स्थानीय लोगों और राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी. पुलिस और यूपीडा के सुरक्षाकर्मी मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव अभियान शुरू किया.

20 घायल अस्पताल में भर्ती

सभी घायलों को इलाज के लिए सौ शय्या संयुक्त चिकित्सालय कुमारगंज भेजा गया. पांच यात्रियों की हालत गंभीर बताई जा रही है. तीन लोगों ने हादसे में दम तोड़ दिया. पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.

इसे भी पढ़ें- सावधान‍! स्वाइन फ्लू ने दी दस्तक, एक हफ्ते में 140 नए मरीज

CCTV से ट्रक की तलाश में जुटी पुलिस

पुलिस अब एक्सप्रेस-वे पर लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है. टक्कर मारने वाले ट्रक और उसके चालक की तलाश की जा रही है. साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि हादसे के वक्त बस सड़क पर क्यों रुकी थी.