नोएडा. गौतमबुद्ध नगर में स्वाइन फ्लू के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं. स्वास्थ्य विभाग ने बुधवार को 20 और मरीजों में संक्रमण की पुष्टि की. इसके साथ ही पिछले एक सप्ताह में जिले में स्वाइन फ्लू के नए मरीजों की संख्या बढ़कर 140 हो गई है. हालांकि राहत की बात यह है कि अभी तक किसी भी मरीज की हालत गंभीर नहीं बताई गई है.

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, संक्रमित मरीजों में सामान्य फ्लू जैसे लक्षण हैं और अधिकांश का इलाज निजी अस्पतालों के डॉक्टरों की निगरानी में चल रहा है. विभाग की टीमें मरीजों के संपर्क में हैं और उनकी स्वास्थ्य स्थिति पर नजर रखी जा रही है.

इसे भी पढ़ें- UP Weather Update : बादल गरजने के साथ ही तेज बारिश के आसार, पश्चिमी यूपी में बदल सकता है मौसम का मिजाज

सर्दी-खांसी और बुखार के मरीज बढ़े

अस्पतालों में इन दिनों सर्दी, खांसी, बुखार और फ्लू जैसे लक्षणों वाले मरीजों की संख्या अधिक है. स्वास्थ्य विभाग ने ऐसे मरीजों की जरूरत के अनुसार स्वाइन फ्लू जांच कराने के निर्देश दिए हैं. संक्रमित पाए जा रहे कई मरीजों को घर पर ही इलाज की सलाह दी गई है. उन्हें अलग कमरे में रहने और संक्रमण फैलने से रोकने के लिए जरूरी सावधानी बरतने को कहा गया है.

76 बेड किए गए आरक्षित

बढ़ते मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने मेडिकल कॉलेज, जिला अस्पताल और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में कुल 76 बेड आरक्षित कर दिए हैं. जरूरत पड़ने पर इन बेड का इस्तेमाल स्वाइन फ्लू और फ्लू जैसे लक्षण वाले मरीजों के इलाज के लिए किया जाएगा. मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मदन मोहन मणि त्रिपाठी ने बताया कि सभी मरीजों का इलाज उनके लक्षणों के आधार पर किया जा रहा है. उन्होंने लोगों से घबराने के बजाय सतर्क रहने की अपील की है.

बारिश के मौसम में बढ़ सकता है संक्रमण

बारिश के मौसम में नमी और तापमान में लगातार उतार-चढ़ाव के कारण वायरल संक्रमण और फ्लू के मामले बढ़ सकते हैं. स्वास्थ्य विभाग ने बुजुर्गों, पांच साल से कम उम्र के बच्चों, गर्भवती महिलाओं और गंभीर बीमारियों से जूझ रहे लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है.

स्वाइन फ्लू के लक्षण और बचाव

स्वाइन फ्लू में तेज बुखार, ठंड लगना, शरीर में दर्द, सूखी खांसी, गले में खराश और थकान जैसे लक्षण हो सकते हैं. गंभीर स्थिति में सांस लेने में परेशानी भी हो सकती है. स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से भीड़भाड़ वाली जगहों पर मास्क लगाने, नियमित रूप से हाथ धोने और खांसते-छींकते समय मुंह ढकने की अपील की है.

इसे भी पढ़ें- बस एक कॉल से होगी हेल्प! नेपाल में फंसे UP के लोगों के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी, CM योगी ने अधिकारियों को दिए अहम निर्देश

लक्षण दिखाई देने पर खुद से इलाज करने के बजाय डॉक्टर की सलाह लेने को कहा गया है. सांस लेने में दिक्कत होने पर तुरंत चिकित्सकीय सहायता लेने की सलाह दी गई है.