लखनऊ. नेपाल में प्राकृतिक आपदा के रूप में आई भीषण बाढ़ को देखते उत्तर प्रदेश सरकार ने वहां फंसे प्रदेश के नागरिकों की मदद के लिए हेल्पलाइन नंबर 1070 जारी किया है. अगर कोई यूपी का नागरिक नेपाल में फंसा है या उसे किसी प्रकार की सहायता की आवश्यकता है, तो उसके परिजन तत्काल 1070 पर संपर्क कर सकते हैं.

इसे भी पढ़ें- आधी आबादी को मिलेगा पूरा अधिकार! सपा सरकार आने पर महिलाओं को 40 हजार देगी सपा, सम्मान और सुरक्षा को लेकर अखिलेश ने कही बड़ी बात

वही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर राहत आयुक्त कार्यालय ने भारतीय और नेपाल दूतावासों से संपर्क किया है. दोनों दूतावासों से कहा गया है कि नेपाल में फंसे उत्तर प्रदेश के नागरिकों की जानकारी मिलने पर उसे तत्काल यूपी के राहत आयुक्त कार्यालय के साथ साझा किया जाए. इससे संबंधित व्यक्ति तक जल्द से जल्द आवश्यक मदद पहुंचाई जा सकेगी.

इसे भी पढ़ें- 27 का चुनाव लोकतंत्र के लिए…अखिलेश यादव का बड़ा बयान, भाजपा को लोकतंत्र, संविधान, आरक्षण के लिए खतरा बताते हुए कही बड़ी बात

सीमावर्ती जिलों में बढ़ाई गई सतर्कता

नेपाल के रसुवा क्षेत्र में भोटेकोशी नदी में आई भीषण बाढ़ को देखते हुए यूपी के सीमावर्ती महाराजगंज और कुशीनगर में सतर्कता बढ़ा दी गई है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नेपाल में हुई क्षति को चिंताजनक बताते हुए दोनों जिलों के प्रशासन को जरूरी तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं. गंडक और नारायणी नदियों के जलस्तर पर लगातार नजर रखने को कहा गया है.