लखनऊ. महिला समानता दिवस के मौके पर अखिलेश यादव ने कहा कि प्रदेश में समाजवादी सरकार बनने पर महिला के सम्मान व सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा. उन्होंने कहा कि प्रदेश में सपा की सरकार बनने पर स्त्री सम्मान समृद्धि योजना के तहत महिलाओं को आर्थिक रूप से आगे बढ़ाने के लिए हर साल 40 हजार रुपये की सहायता दी जाएगी. यह राशि आने वाले वर्षों में बढ़ाई भी जाएगी. समाजवादी पार्टी आधी आबादी को उसका अधिकार और सम्मान दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है.

खोले जाएंगे बंद पड़े स्कूल

अखिलेश यादव ने कहा कि प्रदेश में बंद पड़े 26000 स्कूलों को समाजवादी सरकार बनने पर खोला जाएगा. हर गांव में स्कूल होंगे. साथ ही उन्होंने इंटर पास छात्राओं को लैपटॉप देने की घोषणा करते हुए कहा कि छात्राओं को यूनिवर्सिटी तक जाने के लिए मेट्रो की मुफ्त यात्रा सुविधा मिलेगी. उन्होंने महिलाओं को निःशुल्क यात्रा की सुविधा देने की भी घोषणा की.

इसे भी पढ़ें- विरोध तो चंपत राय का था, पुलिस क्यों बिफरी..? संतों की बैठक से पहले झड़प, ट्रस्ट से मिलीभगत का आरोप

सपा की योजनाओं को उदाहरण के रूप में किया जा रहा पेश

इस दौरान उन्होंने कहा कि बिना आधी आबादी के तरक्की संभव नहीं है समाजवादी सरकार में जो योजना शुरू हुई थी, उसे आज देश भर में उदाहरण के रूप में दिखाया जा रहा है. इस दौरान उन्होंने हाल ही में उत्तर प्रदेश की यात्रा पर आए जापानी डेलिगेशन का हवाला देते हुए कहा गया कि प्रतिनिधिमंडल को 1090 दिखाया गया. डायल-100 की शुरुआत भी पुलिस और आपातकालीन सेवाओं को आम लोगों तक तेजी से पहुंचाने के उद्देश्य से की गई थी. उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी की सरकार बनने पर महिलाओं के साथ-साथ प्रदेश की आने वाली पीढ़ी के हित में भी कई बड़े कदम उठाए जाएंगे.

यूपी में बेटियों पर सबसे ज्यादा अत्याचार

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर निशाना साधते हुए सपा प्रमुख ने कहा कि जो लोग तकनीक के बारे में कुछ नहीं जानते, वे आज टैबलेट बांटने की बात कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि सपा सरकार ने पहले ही विद्यार्थियों को लैपटॉप देकर यह साबित किया था कि युवाओं को तकनीक से जोड़ना कितना जरूरी है. उन्होंने कहा कि भाजपा के लिए नारी नारा का काम हो गई है. यदि महिला आरक्षण पास हो गया है तो फिर उसे लागू करना चाहिए. उन्होंने कहा कि भाजपा के लोग नारी वंदन की बात करते हैं. आज सबसे ज्यादा बेटियों के ऊपर अत्याचार यूपी में हो रहा है.

इसे भी पढ़ें- मिलावटखोरों सावधान! आगामी पर्वों से पहले खाद्य विभाग की छापेमारी, प्रदेशभर में दबिश जारी, कुछ जगहों पर महज खानापूर्ति

नारी वंदन पर उठाए सवाल

अखिलेश ने भाजपा के ‘नारी वंदन’ अभियान पर भी सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि भाजपा के लोग जब नारी वंदन की बात करें तो उन्हें हाथरस की बेटी की घटना याद दिलानी चाहिए. उन्होंने खुशी दुबे का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि महिलाओं के साथ अन्याय के कई मामले सामने आए हैं और प्रदेश में आधी आबादी सबसे अधिक घटनाओं का सामना कर रही है.