मयंक श्रीवास्तव, अयोध्या. दीपोत्सव को लेकर रामनगरी में तैयारियां जोरों पर हैं. आगामी 7 नवंबर को श्रीरामजन्मभूमि परिसर मे दीपों की रोशनी से जगमगाएगा. भव्य आयोजन को सफल बनाने के लिए श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं. दीप प्रज्ज्वलन और व्यवस्थाओं के लिए करीब एक हजार कार्यकर्ता सेवा देंगे.
पूरे श्रीरामजन्मभूमि परिसर को पांच जोन में बांटकर कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियां तय कर दी गई हैं. शनिवार को यात्री सुविधा केंद्र के सभागार में हुई बैठक में दीपोत्सव की कार्ययोजना को अंतिम रूप दिया गया. बैठक में ट्रस्ट के सीईओ एयर मार्शल जितेंद्र मिश्र (सेवानिवृत्त), सचिव जगदीश आफले और जगन्नाथ गुलवे ने कार्यकर्ताओं को तैयारियों की जिम्मेदारी समझाई.
इसे भी पढ़ें : रामलीला के ‘सोलह शृंगार’ से सजेगा दीपोत्सव, 21 झांकियों में दिखेगी रामायण से विकास तक की झलक
जोन एक में श्रीरामलला मंदिर और आसपास के क्षेत्रों में 30 हजार से अधिक दीप जलाए जाएंगे, जिसकी जिम्मेदारी आचार्य केशव जी को दी गई है. जोन दो में कुबेर टीला, सप्तमंडप, शेषावतार मंदिर, हुतात्मा स्मारक और पंचवटी में 30 हजार से अधिक दीप प्रज्ज्वलित होंगे. जोन तीन में वापसी दर्शन मार्ग, यात्री सुविधा केंद्र, पीएफसी प्लाजा और नल टीला पर 14 हजार से अधिक दीप जलाए जाएंगे.
जोन चार में यात्री सेवा केंद्र, अंगद टीला, सीता रसोई और रामानंदाचार्य द्वार पर 13 हजार से अधिक दीप जलेंगे, जबकि जोन पांच में श्रीरामजन्मभूमि पथ, दर्शन मार्ग, सिंह द्वार और चरण पादुका क्षेत्र में 13 हजार दीप प्रज्ज्वलित होंगे. इसमें यूपी पुलिस और सीआरपीएफ का भी सहयोग रहेगा. अधिकारियों के अनुसार अगले पांच दिनों में परिसर के शेष हिस्सों का अलंकरण और दीप प्रज्ज्वलन की तैयारियां पूरी कर ली जाएंगी.

