मयंक श्रीवास्तव, अयोध्या. प्रधानमंत्री के सेवा संकल्प अभियान के तहत अयोध्या में आयोजित ‘सेवा मेरा योगदान’ कार्यक्रम ने सेवा के साथ-साथ सियासी संदेश भी दिया. जिला महिला अस्पताल में आयोजित कार्यक्रम में महिलाओं को चिकित्सा किट वितरित कर स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया गया. कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष रोली सिंह और उनके प्रतिनिधि आलोक सिंह रोहित मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए. कार्यक्रम के दौरान महिलाओं को आवश्यक चिकित्सा सामग्री उपलब्ध कराने के साथ उन्हें नियमित स्वास्थ्य जांच, महिला स्वास्थ्य और बीमारियों के प्रति समय रहते सतर्क रहने की जानकारी दी गई. चिकित्सकों ने कहा कि छोटी-छोटी स्वास्थ्य समस्याओं को नजरअंदाज करने के बजाय समय पर जांच और उपचार बेहद जरूरी है.

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष रोली सिंह ने कहा कि महिलाओं का स्वस्थ रहना केवल एक परिवार की जरूरत नहीं, बल्कि स्वस्थ और मजबूत समाज की बुनियाद है. उन्होंने कहा कि सेवा को केवल औपचारिकता के रूप में नहीं, बल्कि समाज के प्रति योगदान की भावना से आगे बढ़ाया जाना चाहिए. अध्यक्ष रोली सिंह ने प्रधानमंत्री के सेवा संकल्प अभियान का जिक्र करते हुए कहा कि समाज के अंतिम पायदान तक स्वास्थ्य और सहायता पहुंचाना सभी की जिम्मेदारी है. खासकर महिलाओं के स्वास्थ्य, सम्मान और आत्मनिर्भरता को प्राथमिकता देना जरूरी है.

इसे भी पढ़ें : ‘कांग्रेस अब 2017 वाली नहीं, 2027 वाली है’, इमरान मसूद ने सपा से सीट बंटवारा जल्द तय करने को कहा

वहीं, कार्यक्रम में मौजूद जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि आलोक सिंह रोहित ने कहा कि सेवा के माध्यम से समाज के हर वर्ग से सीधा जुड़ाव स्थापित किया जा सकता है. उन्होंने कहा कि जरूरतमंदों तक सरकारी योजनाओं और स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ पहुंचाने के लिए जनप्रतिनिधियों और समाज के लोगों को मिलकर काम करना होगा.राजनीतिक नजरिए से देखें तो अयोध्या में सेवा कार्यक्रमों के जरिए भाजपा की जनसंपर्क और सेवा आधारित राजनीति भी लगातार दिखाई दे रही है. धार्मिक और सामाजिक आयोजनों के साथ अब स्वास्थ्य एवं महिला कल्याण जैसे मुद्दों पर भी जनप्रतिनिधियों की सक्रियता नजर आ रही है.

ऐसे कार्यक्रमों के जरिए सरकार की योजनाओं और प्रधानमंत्री के सेवा संदेश को सीधे जनता तक पहुंचाने की कोशिश के तौर पर इसे देखा जा रहा है. इस कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. देवेंद्र कुमार, महिला चिकित्सालय की सीएमएस डॉ. विभा कुमारी समेत अस्पताल के चिकित्सक, स्वास्थ्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे. बड़ी संख्या में महिलाओं ने कार्यक्रम में हिस्सा लिया और चिकित्सा किट प्राप्त की.