अयोध्या. दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों के समर्थन में समाजवादी पार्टी ने बुधवार को अयोध्या के गांधी पार्क में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया. प्रदर्शन का नेतृत्व पार्टी के स्थानीय नेताओं और महिला सभा की पदाधिकारियों ने किया. इस दौरान सपा प्रमुख अखिलेश यादव और सांसद डिंपल यादव को पुलिस हिरासत में लिए जाने का विरोध करते हुए केंद्र सरकार और दिल्ली पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई.
इसे भी पढ़ें- होटल में हवस का खेलः 3 दिनों तक युवक ने किशोरी के साथ किया रेप, किसी को कुछ न बताने की दी धमकी, फिर…
गांधी पार्क में जुटे सपा कार्यकर्ता
प्रदर्शन में बड़ी संख्या में सपा नेताओं, महिला कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने हिस्सा लिया. कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियां लेकर छात्रों के समर्थन में नारे लगाए और आरोप लगाया कि सरकार लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखने वाले युवाओं की आवाज दबा रही है.
शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग
समाजवादी पार्टी महिला सभा की जिलाध्यक्ष सरोज यादव ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करते हुए कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं से जुड़े मामलों में छात्रों का भविष्य प्रभावित हुआ है और इसकी नैतिक जिम्मेदारी शिक्षा मंत्री की है. उन्होंने कहा कि यदि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शिक्षा मंत्री से इस्तीफा नहीं ले सकते, तो उन्हें प्रतीकात्मक रूप से चूड़ियां भेंट की जाएंगी.
अखिलेश-डिंपल की हिरासत पर जताया विरोध
सपा नेताओं ने आरोप लगाया कि छात्रों के समर्थन में पहुंचे अखिलेश यादव और सांसद डिंपल यादव को हिरासत में लेना लोकतांत्रिक अधिकारों का उल्लंघन है. उनका कहना था कि शांतिपूर्ण विरोध को बलपूर्वक रोकना लोकतांत्रिक परंपराओं के विपरीत है.
इसे भी पढ़ें- बारिश में नंगे पांव गुरु के दरबार पहुंचे ‘विरूष्का’, सुबह 4 बजे किए प्रेमानंद महाराज के दर्शन
आंदोलन तेज करने की चेतावनी
प्रदर्शन के दौरान सपा नेताओं ने कहा कि यदि छात्रों और विपक्ष की आवाज को इसी तरह दबाया जाता रहा तो पार्टी प्रदेशभर में आंदोलन को और व्यापक करेगी. उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी युवाओं के अधिकारों और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखेगी.


