मयंक श्रीवास्तव, अयोध्या. प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक रविवार को अयोध्या दौरे पर पहुंचे. यहां उन्होंने राजर्षि दशरथ मेडिकल कॉलेज के शैक्षणिक परिसर गंजा में आयोजित मेडिकल कॉन्फ्रेंस में शिरकत की. इस दौरान डिप्टी सीएम ने अयोध्या वासियों और जिले के मरीजों के लिए बड़ी सौगात का ऐलान किया.

डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने घोषणा की कि अयोध्या मेडिकल कॉलेज में चार नए विभाग खोले जाएंगे. इनमें हृदय रोग (Cardiology), किडनी रोग (Nephrology), गैस्ट्रोएंटरोलॉजी (Gastro) समेत अन्य आवश्यक विभाग शामिल होंगे.उन्होंने कहा कि इससे अयोध्या सहित आसपास के जिलों के मरीजों को गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए लखनऊ-दिल्ली नहीं जाना पड़ेगा, उन्हें यहीं पर बेहतर और विशेषज्ञ इलाज मिल सकेगा.

इसे भी पढ़ें : यूपी में सपा-कांग्रेस सीट शेयरिंग पर खींचतान के बीच अखिलेश बोले- बात सीट की नहीं, जीत की है

डिप्टी सीएम ने कहा कि मेडिकल कॉलेज के इंफ्रास्ट्रक्चर को और मजबूत किया जाएगा. नए विभागों के लिए जल्द ही अत्याधुनिक उपकरणों की खरीद की जाएगी और स्टाफ की व्यवस्था भी की जाएगी.

स्वास्थ्य सेवाओं को हाईटेक बनाने के लिए अयोध्या मेडिकल कॉलेज को SGPGI लखनऊ के स्पोक एंड हब मॉडल से जोड़ा जाएगा.इस मॉडल के तहत अयोध्या मेडिकल कॉलेज की ICU को स्पोक और SGPGI लखनऊ को हब बनाया जाएगा. SGPGI के ICU विशेषज्ञ डॉक्टर ऑनलाइन माध्यम से अयोध्या के गंभीर मरीजों की स्थिति देखेंगे और यहां के स्थानीय डॉक्टरों को इलाज संबंधी सलाह देंगे.बृजेश पाठक ने बताया कि अयोध्या इस व्यवस्था से जुड़ने वाला प्रदेश का सातवां मेडिकल कॉलेज है.