आगरा मंडल की समीक्षा बैठक में आयुष्मान कार्ड बनाने में मैनपुरी 73.51 प्रतिशत के साथ सबसे आगे रहा, जबकि फिरोजाबाद 70.06 प्रतिशत पर रहा. मंडलायुक्त नगेंद्र प्रताप सिंह ने सभी जिलों में पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए.
फिरोजाबाद. आगरा मंडल के मंडलायुक्त नगेंद्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में मंडलीय समीक्षा बैठक हुई. बैठक में विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा के दौरान आयुष्मान कार्ड बनाने में मैनपुरी सबसे आगे रहा, जबकि आगरा और मथुरा की प्रगति फिरोजाबाद से भी कम पाई गई.
आयुष्मान कार्ड की प्रगति में मैनपुरी 73.51 प्रतिशत के साथ पहले स्थान पर रहा. फिरोजाबाद में 70.06 प्रतिशत, मथुरा में 65.51 प्रतिशत और आगरा में 64.91 प्रतिशत लाभार्थियों के कार्ड बनाए जा चुके हैं. मंडलायुक्त ने सभी जिलों में पात्र लाभार्थियों के शत-प्रतिशत आयुष्मान कार्ड बनाने के निर्देश दिए.
विकास कार्यों की समीक्षा
बैठक में पंचायती राज विभाग की योजनाओं की भी समीक्षा हुई. वर्ष 2026-27 के लिए अंत्येष्टि स्थल निर्माण के तहत आगरा में 17 के लक्ष्य के मुकाबले 7 स्थलों का चयन हुआ है, जबकि मैनपुरी में 10 और फिरोजाबाद में 12 स्थलों का चयन किया जा चुका है. मथुरा में अभी स्थल चयन नहीं हुआ है.
मंडलायुक्त ने उपनिदेशक पंचायती राज को मथुरा में स्थल चयन की प्रक्रिया जल्द पूरी करने के निर्देश दिए. वर्ष 2025-26 के अंत्येष्टि स्थल निर्माण में मैनपुरी और फिरोजाबाद में शत-प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है. आगरा में 15 कार्य पूर्ण और 3 निर्माणाधीन हैं, जबकि मथुरा में एक स्थल निर्माणाधीन है.
पंचायत उत्सव भवन के लिए आगरा के फतेहाबाद और फिरोजाबाद के टूंडला में स्थल चयन की प्रक्रिया चल रही है. मंडलायुक्त ने इसे शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए. तालाब पट्टों के सापेक्ष ग्राम निधि में धनराशि स्थानांतरण के मामले में सभी जिलाधिकारियों को राजस्व पोर्टल पर नीलामी और जमा धनराशि का विवरण अपडेट करने को कहा गया.
शिक्षा और स्वास्थ्य
प्राथमिक शिक्षा की समीक्षा में बताया गया कि मैनपुरी के पांच बाउंड्रीवॉल विहीन विद्यालयों में से दो में काम पूरा हो गया है और तीन विद्यालयों में निर्माण कार्य जारी है. मथुरा और फिरोजाबाद के सभी विद्यालयों में शत-प्रतिशत फर्नीचर आपूर्ति पूरी हो चुकी है.
आगरा और मैनपुरी में भी निर्धारित लक्ष्य पूरा करने के लिए आपूर्ति प्रक्रिया जल्द पूरी करने के निर्देश एडी बेसिक को दिए गए. मंडलायुक्त ने कहा कि बच्चों की शिक्षा के मामले में किसी भी तरह की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी.
चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा में अगस्त तक लाभार्थियों को किए गए भुगतान की स्थिति भी सामने रखी गई. आगरा में 81.40 प्रतिशत, फिरोजाबाद में 90.66 प्रतिशत, मथुरा में 84.67 प्रतिशत और मैनपुरी में 89.35 प्रतिशत लाभार्थियों को भुगतान किया जा चुका है. मंडलायुक्त ने सभी पात्र लाभार्थियों को शत-प्रतिशत भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए.
आवास और रोजगार योजनाएं
मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत वर्ष 2026-27 में आगरा मंडल के लिए कुल 3986 आवासों का लक्ष्य निर्धारित किया गया है. इसमें आगरा को 803, मथुरा को 599, फिरोजाबाद को 1427 और मैनपुरी को 1157 आवास आवंटित किए गए हैं.
अब तक मंडल में 3162 आवास स्वीकृत किए जा चुके हैं. मंडलायुक्त ने शेष आवासों की स्वीकृति जल्द देने, लाभार्थियों के खातों में पहली किस्त भेजने और निर्माण कार्य शुरू कराने के निर्देश दिए.
मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना और एक जनपद एक उत्पाद की वित्तीय सहायता योजना की समीक्षा के दौरान मंडलायुक्त ने बैंक अधिकारियों को निर्देश दिए कि युवा उद्यमियों के ऋण आवेदन बिना ठोस और वैधानिक कारण के निरस्त न किए जाएं. स्वीकृत आवेदनों में ऋण वितरण की प्रक्रिया भी अनावश्यक रूप से लंबित नहीं रखी जाए.
महिला योजनाओं पर जोर
महिला एवं बाल विकास विभाग की समीक्षा में मंडलायुक्त ने महिला बाल सम्मान कोष और बालिका सम्प्रेषण गृह की व्यवस्थाओं को अधिक मजबूत और सुरक्षित बनाने के निर्देश दिए. मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना और शादी अनुदान योजना के लंबित आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर स्थलीय सत्यापन कर पात्र लाभार्थियों को जल्द भुगतान सुनिश्चित करने को कहा गया.
मंडलायुक्त ने बताया कि जुलाई की तुलना में अगस्त में सभी जिलों की रैंकिंग में सुधार हुआ है. उन्होंने अधिकारियों को आईजीआरएस मामलों को गंभीरता से लेने और शिकायतों के निस्तारण से पहले स्थलीय निरीक्षण कर शिकायतकर्ताओं से संपर्क करने के निर्देश दिए.
उन्होंने कहा कि शिकायतकर्ता के संतुष्ट होने तक आईजीआरएस शिकायत का निस्तारण पूरा नहीं माना जाएगा. जिलाधिकारियों, मुख्य विकास अधिकारियों और उपनिदेशकों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से पहुंचाने के निर्देश दिए गए.
बैठक में जिलाधिकारी आगरा मनीष बंसल, जिलाधिकारी फिरोजाबाद संतोष कुमार शर्मा, जिलाधिकारी मथुरा चंद्र प्रकाश सिंह, जिलाधिकारी मैनपुरी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे. बैठक के अंत में जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने मंडलायुक्त और उपस्थित अधिकारियों का आभार जताया तथा सभी को मोमेंटो प्रदान किया.


