दो पैन कार्ड मामले में जमानत के बाद शनिवार को रामपुर जेल से रिहा हुए आजम खान को ईडी की टीम अपने साथ ले गई. वहीं, उनके बेटे अब्दुल्ला आजम की रिहाई के बाद समर्थकों ने खुशी जताते हुए आतिशबाजी की.

रामपुर। दो पैन कार्ड मामले में जमानत मिलने के बाद शनिवार शाम समाजवादी पार्टी के नेता आजम खान और उनके बेटे अब्दुल्ला आजम की रामपुर जेल से रिहाई के दौरान बाहर काफी हलचल रही. जेल से निकलने के बाद प्रवर्तन निदेशालय की टीम आजम खान को अपने साथ ले गई, जबकि अब्दुल्ला आजम रिहा होकर घर के लिए रवाना हो गए.

आजम खान को लेने के लिए ईडी की टीम पहले ही जेल पहुंच गई थी. रिहाई के बाद टीम उन्हें अपने साथ ले जाने लगी तो उन्होंने अधिकारियों के सामने विरोध जताया और वाहन में बैठने से इनकार कर दिया.

ईडी के साथ रवाना हुए आजम

जेल के बाहर कुछ समय तक स्थिति को लेकर गहमागहमी बनी रही. आजम खान को ईडी टीम के साथ जाते देखकर उनके समर्थकों ने कार्रवाई के विरोध में नारेबाजी शुरू कर दी.

बाद में ईडी की टीम आजम खान को अपने साथ लेकर रवाना हो गई. इस पूरे घटनाक्रम के दौरान जेल के बाहर पुलिस बल तैनात रहा.

अब्दुल्ला की रिहाई पर खुशी

शनिवार सुबह से ही आजम खान और अब्दुल्ला आजम की रिहाई की सूचना पर रामपुर जेल के बाहर समर्थकों और परिचितों की भीड़ जुटने लगी थी. बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने को देखते हुए जेल के आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई और भारी पुलिस बल तैनात किया गया.

रिहाई की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब्दुल्ला आजम जेल से बाहर आए और अपने घर के लिए रवाना हो गए. उनकी रिहाई पर समर्थकों ने खुशी जताई और आतिशबाजी की.

जमानत के बाद हुई प्रक्रिया

दो पैन कार्ड मामले में हाईकोर्ट से जमानत मिलने के बाद शुक्रवार को एमपी-एमएलए मजिस्ट्रेट कोर्ट ने आजम खान और अब्दुल्ला आजम के रिहाई परवाने जारी किए थे.

जमानत की शर्तें पूरी करने के लिए आजम खान की ओर से 3.50 लाख रुपये और अब्दुल्ला आजम की ओर से 2.75 लाख रुपये जमा कराए गए थे. इसके बाद रिहाई से संबंधित परवाने जेल प्रशासन में दाखिल कर दिए गए थे.

शनिवार को जेल प्रशासन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद दोनों की रिहाई हुई, लेकिन आजम खान को जेल से बाहर निकलते ही ईडी की टीम अपने साथ लेकर रवाना हो गई.