समाजवादी पार्टी के नेता आजम खान और उनके बेटे अब्दुल्ला आजम खान की रिहाई से जुड़ी कानूनी प्रक्रिया पूरी हो गई है. अदालत ने दोनों के रिलीज ऑर्डर जारी कर करीब 90 से 100 रिहाई परवाने जिला कारागार भेजे हैं.

रामपुर. समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव मोहम्मद आजम खान और उनके बेटे अब्दुल्ला आजम खान की जेल से रिहाई का रास्ता साफ हो गया है. शनिवार को दोनों की जमानत से संबंधित मामलों में जमानती बांड और श्योरिटी का सत्यापन पूरा होने के बाद अदालत ने रिलीज ऑर्डर जारी कर दिए.

अधिवक्ता के मुताबिक, दोनों की रिहाई के लिए करीब 90 से 100 परवाने जिला कारागार भेजे गए हैं. अब जेल प्रशासन की ओर से आवश्यक प्रक्रिया पूरी किए जाने के बाद दोनों की रिहाई होगी.

सभी मामलों में पूरी हुई प्रक्रिया

दरअसल, दो पैन कार्ड मामले में इलाहाबाद हाईकोर्ट से जमानत मिलने के बाद आजम खान और अब्दुल्ला आजम खान की रिहाई से संबंधित औपचारिकताएं शुरू की गई थीं. दोनों की ओर से अधिवक्ता अलग-अलग अदालतों में जमानत से जुड़ी जरूरी प्रक्रियाएं पूरी कराने में लगे थे.

आजम खान के अधिवक्ता जुबैर अहमद खान ने बताया कि जिन मुकदमों में दोनों जेल में बंद थे, उन सभी में जमानती बांड और श्योरिटी दाखिल कर उनका सत्यापन करा लिया गया है. इसके बाद अदालतों ने रिहाई के आदेश जारी कर दिए.

जेल प्रशासन पर टिकी निगाहें

अधिवक्ता जुबैर अहमद खान के अनुसार, करीब 90 से 100 रिलीज परवाने जिला कारागार भेजे जा चुके हैं. उन्होंने उम्मीद जताई कि दोनों की रिहाई जल्द हो सकती है.

हालांकि, जेल से बाहर आने का वास्तविक समय जेल प्रशासन की प्रक्रिया और उस पर लगने वाले समय पर निर्भर करेगा. अदालत से रिलीज ऑर्डर जारी होने के बाद अब रामपुर जिला कारागार प्रशासन की ओर से अगली कार्रवाई की जानी है.