आजम खान और उनके बेटे अब्दुल्ला आजम खान के सभी मामलों में रिहाई के परवाने जारी होने के बाद उनकी रिहाई की प्रक्रिया आगे बढ़ गई है. इस बीच रामपुर जिला कारागार में ईडी अधिकारियों के पहुंचने और आजम खान को डासना जेल भेजे जाने की संभावना की जानकारी सामने आई है.

रामपुर. समाजवादी पार्टी के नेता आजम खान और उनके बेटे अब्दुल्ला आजम खान की रिहाई की प्रक्रिया अंतिम चरण में पहुंच गई है. शनिवार को दिनभर जमानत और मुचलकों से जुड़ी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद दोनों के मामलों में रिहाई के परवाने जारी कर दिए गए.

मुकदमों की संख्या अधिक होने के कारण कानूनी प्रक्रिया में पूरा दिन लगा. अधिवक्ता नासिर सुल्तान के अनुसार, आजम खान के खिलाफ लंबित सभी मामलों में रिहाई से जुड़े आवश्यक परवाने जारी हो चुके हैं.

पांच मामलों के आदेश पहले

अधिवक्ता के मुताबिक, एमपी-एमएलए स्पेशल कोर्ट में सेशन ट्रायल के तहत चल रहे आजम खान के पांच मुकदमों में रिहाई के परवाने शुक्रवार को ही जेल पहुंच चुके थे.

शनिवार को दो पैन कार्ड से जुड़े उस मामले में भी रिहाई का परवाना तैयार हो गया, जिसमें आजम खान और अब्दुल्ला आजम खान को हाईकोर्ट से जमानत मिली थी. इसके बाद दोनों की रिहाई का रास्ता साफ होने की बात कही जा रही है.

आजम खान की संभावित रिहाई को लेकर उनके समर्थकों में उत्साह देखा जा रहा है. समर्थक जिला कारागार के आसपास पहुंचना शुरू हो गए हैं.

जेल पहुंची टीम की चर्चा

इसी बीच रामपुर जिला कारागार में कुछ लोगों के पहुंचने से नई चर्चा शुरू हो गई. लखनऊ नंबर वाली गाड़ियों से आए लोगों में से तीन से चार लोग जेल के भीतर गए हैं.

सपा समर्थकों के बीच इसे लेकर ईडी की कार्रवाई की आशंका पर चर्चा होती रही. खुफिया सूत्रों के हवाले से जानकारी सामने आई कि ईडी के कुछ अधिकारी जेल के अंदर गए हैं, हालांकि उनके वहां पहुंचने का उद्देश्य स्पष्ट नहीं हो सका है.

आजम खान इस दौरान जेल के अंदर ही मौजूद थे.

डासना भेजने की संभावना

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ईडी की टीम गाजियाबाद से आजम खान के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट लेकर रामपुर पहुंची है. ऐसी संभावना जताई जा रही है कि उन्हें रामपुर से गाजियाबाद स्थित डासना जेल भेजा जा सकता है.

हालांकि, इस संबंध में आधिकारिक पुष्टि सामने नहीं आई है. जेल परिसर के बाहर समर्थकों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए भारी संख्या में पुलिस और सीआरपीएफ के जवान तैनात किए गए हैं.