आजमगढ़. फूलपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार (15 सितंबर 2026) तड़के हुए सड़क हादसे में तीन किशोरों की मौत हो गई, जबकि छह अन्य घायल हो गए. पुलिस के मुताबिक, स्विफ्ट डिजायर कार में कुल नौ किशोर सवार थे और सभी की उम्र करीब 16 से 17 वर्ष बताई जा रही है. हादसे में सत्यम मोदनवाल, निखिल मद्धेशिया और लकी सोनकर की मौत हुई है. छह घायल किशोरों को इलाज के लिए ताहिर अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
इसे भी पढ़ें- मोबाइल की लत से बिगड़ा बच्चे का व्यवहार, बहन को किया न्यूड, स्कूल ने काटा नाम
देर रात तक गणेश पंडाल में जुटे थे किशोर
जानकारी के मुताबिक, सभी किशोर गणेश उत्सव की तैयारियों में जुटे थे. देर रात तक पंडाल की सजावट का काम करने के बाद वे चाय पीने के लिए सरायमीर की ओर निकले थे. इसी दौरान फूलपुर थाना क्षेत्र में कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई.
टक्कर के बाद कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त
पेड़ से टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई. हादसे के बाद कार में सवार कुछ किशोर अंदर फंस गए. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत-बचाव अभियान शुरू किया गया. सभी घायलों को बाहर निकालकर तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया.
तीन परिवारों में पसरा मातम
हादसे में तीन किशोरों की मौत की खबर मिलते ही उनके परिवारों में कोहराम मच गया. एक रात पहले तक परिवारों में बच्चे गणेश पंडाल की तैयारियों में व्यस्त थे, लेकिन सुबह हादसे की खबर पहुंची. 16-17 वर्ष की उम्र में तीन किशोरों की मौत से पूरे इलाके में शोक का माहौल है.
इसे भी पढ़ेंं- राजस्थान निकाय चुनाव पर मायावती का बड़ा आरोप, बोलीं- गड़बड़ी से हराए गए BSP उम्मीदवार
हादसे की वजह जांच रही पुलिस
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर हादसे की परिस्थितियों की जांच शुरू कर दी है. कार पेड़ से किन परिस्थितियों में टकराई, इसकी आधिकारिक वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है. पुलिस का कहना है कि जांच के बाद हादसे की वजह सामने आएगी. मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है.



