० 92.83% छात्र हुए पास, समय पर परिणाम से नौकरी और उच्च शिक्षा के अवसर होंगे आसान
संजीव घनगस ,सोनीपत। दीनबंधु छोटू राम विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (DCRUST), मुरथल ने शैक्षणिक कार्यकुशलता का शानदार उदाहरण पेश करते हुए बीटेक अंतिम सेमेस्टर का परिणाम महज 9 दिनों में घोषित कर दिया है। 23 मई को संपन्न हुई परीक्षाओं का परिणाम 1 जून को जारी कर दिया गया, जिससे विद्यार्थियों को रोजगार और उच्च शिक्षा से जुड़ी प्रक्रियाओं में समय पर भाग लेने का अवसर मिलेगा।
विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. प्रकाश सिंह ने इस उपलब्धि के लिए परीक्षा शाखा, शिक्षकों और कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि किसी भी उच्च शिक्षण संस्थान की कार्यक्षमता का सबसे बड़ा पैमाना समयबद्ध परीक्षा परिणाम होता है। उन्होंने कहा कि आज के प्रतिस्पर्धी दौर में समय पर रिजल्ट जारी होना विद्यार्थियों के भविष्य के लिए बेहद महत्वपूर्ण है।
823 में से 764 विद्यार्थी सफल
कुलगुरु ने बताया कि बीटेक अंतिम सेमेस्टर की परीक्षा में कुल 823 विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया था, जिनमें से 764 विद्यार्थी सफल घोषित किए गए हैं। इस प्रकार विश्वविद्यालय का कुल उत्तीर्णता प्रतिशत 92.83 प्रतिशत रहा, जो विद्यार्थियों की मेहनत और विश्वविद्यालय की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा व्यवस्था को दर्शाता है।
नौकरी और उच्च शिक्षा में मिलेगा फायदा
प्रो. प्रकाश सिंह ने कहा कि समय पर परिणाम जारी होने से विद्यार्थियों को विभिन्न सरकारी एवं निजी संस्थानों में रोजगार के लिए आवेदन करने, उच्च शिक्षा में प्रवेश लेने और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी को आगे बढ़ाने में सुविधा मिलेगी। इससे उनका बहुमूल्य समय बचेगा और करियर को नई दिशा मिलेगी।
सिविल इंजीनियरिंग का परिणाम जल्द
विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार बीटेक सिविल इंजीनियरिंग अंतिम सेमेस्टर का परिणाम अभी घोषित किया जाना बाकी है, जिसे भी जल्द जारी कर दिया जाएगा।
कुलगुरु ने कहा कि विश्वविद्यालय भविष्य में भी विद्यार्थियों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए परीक्षा और परिणाम प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, प्रभावी और समयबद्ध बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।

