लुधियाना : ऐतिहासिक गुरुद्वारा मंजी साहिब (गांव राजोआणा कलां) में मुख्य सेवादार संत बाबा बलदेव सिंह पर जानलेवा फायरिंग करने के आरोप में गिरफ्तार मुख्य शूटर राज सिंह उर्फ राजू की सोमवार देर रात पुलिस कस्टडी में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई.पुलिस रिमांड के दौरान पूछताछ के बीच अचानक सीने में दर्द और ब्लड प्रेशर कम होने के बाद उसे अस्पतालों में ले जाया गया, जहां उसने दम तोड़ दिया. डॉक्टरों ने प्राथमिक तौर पर मौत की वजह हार्ट अटैक बताई है.
स्थिति को देखते हुए अभी कुछ भी बोलना जल्दबाजी होगा, हालात को देखते हुए कस्टडी में मौत का मामला होने के चलते न्यायिक नियमों के अनुसार विस्तृत पोस्टमॉर्टम के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा होगा. सूत्रों के अनुसार, सीआईए और स्थानीय पुलिस की टीमें आरोपी राज सिंह उर्फ राजू से फायरिंग की साजिश और विदेशी संपर्कों को लेकर गहन पूछताछ कर रही थीं.
थाना सुधार के एसएचओ (SHO) रविंदरपाल सिंह ने बताया कि रक्तचाप (ब्लड प्रेशर) अत्यधिक कम होने की शिकायत मिलते ही पुलिस टीम बिना कोई देरी किए उसे तुरंत सुधार स्थित सरकारी और निजी अस्पतालों में प्राथमिक उपचार के लिए ले गई. वहां उसकी हालत में सुधार न होने और स्थिति नाजुक नजर आई. ऐसी हालात में निर्णय लेते हुए डॉक्टरों ने उसे लुधियाना के ग्लोबल हार्ट अस्पताल रेफर कर दिया. लुधियाना ले जाने पर डॉक्टरों ने जांच के उपरांत उसे मृत घोषित कर दिया. एसएचओ ने स्पष्ट किया कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सटीक कारणों की आधिकारिक पुष्टि हो सकेगी.
आपको बता दें कि यह वारदात 28 अक्टूबर 2026 की तड़के करीब 3:15 बजे सामने आई थी. सुधार के अंतर्गत आते गांव राजोआणा कलां स्थित ऐतिहासिक गुरुद्वारा मंजी साहिब में मोटरसाइकिल सवार दो नकाबपोश शूटर पहुंचे थे. गुरुद्वारे के हेड ग्रंथी के अनुसार, आरोपियों ने पहले तड़के माथा टेकने का बहाना बनाया और फिर सीधे मुख्य सेवादार संत बाबा बलदेव सिंह के रिहायशी कमरे की ओर रुख किया. हमलावरों ने बाबा बलदेव सिंह को निशाना बनाते हुए कमरे के दरवाजे पर सीधी गोलियां बरसा दीं. एक गोली शीशे और लकड़ी के दरवाजे को चीरती हुई सीधे अंदर दीवार में जा धंसी. उस समय बाबा बलदेव सिंह कमरे के भीतर बाथरूम में स्नान कर रहे थे, जिसके चलते वे बाल-बाल बच गए. वारदात को अंजाम देकर हमलावर बाइक पर सवार होकर फरार हो गए थे. जिसके बाद पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया.
- लोकायुक्त की कार्रवाई: ट्राइबल विभाग का कर्मचारी रिश्वत लेते गिरफ्तार, इस काम के लिए मांगी थी घूस, कूलर में छिपा दिया था लिफाफा
- बिहार तक पहुंचा इलाहाबाद हाईकोर्ट में वकील से दुर्व्यवहार का मामला, जज पर कार्रवाई की मांग…
- ‘ACP मनस्वी वशिष्ठ पर दर्ज हो आपराधिक केस’, बार एसोसिएशन ने दिल्ली पुलिस कमिश्नर को लिखा पत्र
- देवउठनी एकादशी पर स्थानीय अवकाश घोषित, सरकारी कार्यालयों में रहेगी छुट्टी
- ‘जंगल से भटकी, पटरियों पर खत्म हुई जिंदगी’: ट्रेन ने छीन ली बेजुबान मादा भालू की सांसें

