अजय सैनी,भिवानी। गांव नांगल में बाबा जोतनाथ महाराज के मंदिर में हर वर्ष की तरह इस बार भी 8 और 9 जुलाई को भव्य वार्षिक उत्सव का आयोजन किया जाएगा। धार्मिक आयोजन को लेकर गांव में उत्साह का माहौल है और तैयारियां अंतिम चरण में हैं।

श्रीश्याम दीवाना मंडल के अध्यक्ष सत्यवान सिंह नांगल ने बताया कि 8 जुलाई की रात भव्य जागरण का आयोजन होगा। इस दौरान प्रसिद्ध भजन गायक रमेश कलावड़िया एंड पार्टी बाबा के भजनों की प्रस्तुति देंगे, जिससे पूरी रात भक्तिमय माहौल बना रहेगा।

9 जुलाई को विशाल भंडारा

उत्सव के दूसरे दिन 9 जुलाई को सुबह से ही विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा। इसमें हजारों श्रद्धालु प्रसाद ग्रहण करेंगे। आयोजन समिति ने श्रद्धालुओं के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने का दावा किया है।

मेले का भी रहेगा विशेष आकर्षण

मंदिर परिसर के समीप आकर्षक मेले का आयोजन भी किया जाएगा, जो बच्चों और बड़ों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगा। श्रद्धालु धार्मिक कार्यक्रमों के साथ मेले का भी आनंद ले सकेंगे।

गांव का बच्चा-बच्चा जुटा आयोजन में

सत्यवान सिंह नांगल ने बताया कि श्रीश्याम दीवाना मंडल की पूरी टीम और गांव के सभी लोग आयोजन को सफल बनाने में जुटे हुए हैं। उन्होंने कहा कि आयोजन का उद्देश्य प्रत्येक श्रद्धालु को बाबा जोतनाथ महाराज के दर्शन और आशीर्वाद के साथ बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है।उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से सपरिवार कार्यक्रम में शामिल होकर बाबा का आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की।

आयोजन को सफल बनाने में विकास, पीयूष, सेठ सैन, सुनील, विक्की मोजिया, भोलू, सते सिंह, रोहित मिस्त्री, धर्मबीर मिस्त्री, सोनू, जगबीर सिंह, मंदीप, अरुण कालिया, निशांत, दीपक, श्रवण, मंजीत अत्री, संदीप सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।