मथुरा. योग गुरु बाबा रामदेव ने बुधवार (30 सितंबर) को मथुरा के बरसाना में मुसलमानों को लेकर बड़ा बयान दिया. बरसाना में पंडित प्रदीप मिश्रा की शिव महापुराण कथा में पहुंचे रामदेव ने कहा कि भारत के सभी मुसलमान धर्म-परिवर्तित हैं और उनके पूर्वज भगवान राम और भगवान कृष्ण हैं. उन्होंने मुस्लिम समुदाय से अपनी कथित पैतृक जड़ों से जुड़ने की अपील की.

इसे भी पढ़ें- यूपी में मानसून की विदाई शुरू, बाढ़ से कई जिले बेहाल; 8 से ज्यादा नदियां उफान पर

‘राम-कृष्ण को अपना पूर्वज मानें’

बाबा रामदेव ने कहा कि भारत के मुसलमानों के पूर्वज भी ऋषि-मुनि रहे हैं और भगवान राम-कृष्ण उनके भी पूर्वज हैं. उन्होंने कहा कि अगर मुस्लिम समुदाय अपनी जड़ों से जुड़ेगा तो वह खुद को कमजोर महसूस नहीं करेगा. रामदेव ने हिंदू-मुस्लिम एकता की बात करते हुए कहा कि दोनों समुदाय साथ रहेंगे तो देश भी मजबूत होगा.

ओवैसी के बयान का दिया जवाब

रामदेव का यह बयान एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी की मुस्लिम राजनीतिक प्रतिनिधित्व को लेकर की गई टिप्पणी के बाद आया. ओवैसी ने आरोप लगाया था कि देश में कोई भी राजनीतिक दल मुसलमानों की स्वतंत्र राजनीतिक आवाज नहीं चाहता और समुदाय को वोट बैंक के तौर पर देखा जाता है. रामदेव ने ओवैसी पर समुदाय को गुमराह करने का आरोप लगाया.

‘राम अमीरों और शिव गरीबों के भगवान नहीं’

रामदेव ने भगवान राम और शिव को लेकर कहा कि कुछ लोग सनातन में जाति, वर्ग और समुदाय के आधार पर भेद पैदा कर रहे हैं. उन्होंने राम को अमीरों और शिव को गरीबों का भगवान बताने वाली सोच पर आपत्ति जताई. रामदेव के मुताबिक राम, कृष्ण, हनुमान, शिव और भगवती एक ही परम तत्व के अलग-अलग स्वरूप हैं.

इसे भी पढ़ें- 2027 में कहां से चुनाव लड़ेंगी अपर्णा यादव? बोलीं- BJP जहां भेजेगी…

युवाओं को रील और अश्लील फिल्मों से दूर रहने की सलाह

बाबा रामदेव ने युवाओं से सोशल मीडिया पर चलने वाली फूहड़ रील और अश्लील फिल्मों से दूर रहने की अपील की. उन्होंने कहा कि युवाओं को अपना समय ऐसी सामग्री में बर्बाद करने के बजाय संस्कृति और भक्ति से जुड़ना चाहिए.