अमित पाण्डेय, खैरागढ़। शहर के चर्चित होटल और मिठाई संस्थान ‘मानव मंदिर’ एक गंभीर खाद्य सुरक्षा विवाद में घिर गया है। राज फैमली वार्ड निवासी प्रकृति सिंह ने होटल प्रबंधन पर खराब मिठाई बेचने और शिकायत करने पर दुर्व्यवहार करने का आरोप लगाया है। मामले की शिकायत सामने आने के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग भी हरकत में आ गया है और जांच शुरू कर दी गई है।

जानकारी के मुताबिक प्रकृति सिंह ने मानव मंदिर से करीब 150 रुपए की आम और दूध से बनी मिठाई खरीदी थी। उन्होंने बताया कि घर पहुंचकर जैसे ही मिठाई का डिब्बा खोला, उसमें से तेज बदबू आने लगी। मिठाई की हालत देखकर वे हैरान रह गईं।
शिकायत लेकर पहुंचीं तो होटल में हुआ हंगामा

प्रकृति सिंह के अनुसार उन्होंने मिठाई को सुरक्षित रखने के लिए फ्रिज में रख दिया और अगले दिन शिकायत लेकर होटल पहुंचीं। लेकिन वहां उनकी शिकायत सुनने के बजाय होटल प्रबंधन ने उन्हें ही गलत ठहराना शुरू कर दिया। महिला ने आरोप लगाया कि उनके साथ दुर्व्यवहार भी किया गया, जिसके बाद होटल परिसर में जमकर हंगामा हुआ।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने लिए सैंपल

मामले की जानकारी मिलते ही खैरागढ़ की फूड सेफ्टी यूनिट मौके पर पहुंची। टीम ने शिकायतकर्ता द्वारा खरीदी गई मिठाई के साथ होटल में रखे संबंधित खाद्य पदार्थों के सैंपल जब्त कर जांच शुरू कर दी है। अब पूरे मामले की सच्चाई लैब रिपोर्ट आने के बाद साफ हो सकेगी।
महिला ने जताई बच्चे की सेहत को लेकर चिंता

प्रकृति सिंह ने कहा कि वे अपने छोटे बच्चे को स्तनपान कराती हैं। यदि वे खराब मिठाई खा लेतीं, तो इसका असर उनके साथ-साथ बच्चे की सेहत पर भी पड़ सकता था। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर शहर के प्रतिष्ठित खाद्य संस्थानों में बिकने वाले उत्पादों की गुणवत्ता की निगरानी कौन कर रहा है।
गर्मी में बढ़ जाता है फूड पॉइजनिंग का खतरा
खाद्य सुरक्षा विशेषज्ञों के अनुसार दूध और आम से बनी मिठाइयों में तापमान और स्टोरेज की थोड़ी सी लापरवाही भी तेजी से बैक्टीरिया पैदा कर सकती है। इससे फूड पॉइजनिंग, उल्टी-दस्त और गंभीर संक्रमण जैसी समस्याएं हो सकती हैं। गर्मी और त्योहारों के मौसम में ऐसे मामलों को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग लगातार सैंपलिंग अभियान चलाता रहा है।
जांच रिपोर्ट पर टिकी सबकी नजर

अब बड़ा सवाल यह है कि मानव मंदिर में बेची जा रही मिठाइयों की गुणवत्ता तय मानकों के अनुरूप थी या ग्राहकों की सेहत के साथ लापरवाही बरती जा रही थी। फिलहाल पूरे शहर की नजर जांच रिपोर्ट पर टिकी हुई है। इस घटना ने एक बार फिर शहर के बड़े खाद्य प्रतिष्ठानों की गुणवत्ता और निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

