बदायूं. उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले में शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने श्रद्धालुओं की खुशियों को मातम में बदल दिया. बिसौली कस्बे के बिल्सी रोड स्थित डी पाल स्कूल के पास श्रद्धालुओं से भरी इको कार और दूध से लदी तेज रफ्तार पिकअप की आमने-सामने भिड़ंत हो गई.
हादसा इतना भीषण था कि इको कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार लोग अंदर ही फंस गए. दुर्घटना में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि नौ लोग घायल हो गए. इनमें से कई की हालत गंभीर बताई जा रही है. हादसे के बाद पिकअप चालक वाहन सहित फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी है.
इसे भी पढ़ें- राहुल गांधी लगातार लोकतंत्र की…अपर्णा यादव का नेता विपक्ष पर करारा हमला, जानिए भाजपा नेत्री ने ऐसा क्या कहा?
जात चढ़ाने जा रहा था पूरा परिवार
जानकारी के अनुसार, बिल्सी थाना क्षेत्र के गांव बैन से एक परिवार इको कार में सवार होकर आसफपुर क्षेत्र के फकावली गांव जात चढ़ाने जा रहा था. शुक्रवार रात करीब 10:45 बजे जब वाहन बिसौली के डी पाल स्कूल के पास पहुंचा, तभी सामने से आ रही दूध से भरी तेज रफ्तार पिकअप ने जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई.
दो की मौत, कई घायल जिला अस्पताल रेफर
हादसे में दहेमू गांव निवासी मुंशीलाल और 65 वर्षीय टोरी देवी की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं फूल सिंह, उनकी पत्नी सर्वेश, गौरव (9), अखिलेश, शिवम, बाबी, संजू, चालक हेम सिंह और अंशुमान गंभीर रूप से घायल हो गए. प्राथमिक इलाज के बाद चार घायलों को गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर किया गया, जबकि अन्य का इलाज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है.
ग्रामीणों ने बचाई घायलों की जान
दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई. आसपास के ग्रामीण सबसे पहले मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया. स्थानीय लोगों ने कार में फंसे घायलों को बाहर निकाला और पुलिस व एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया. हादसे की सूचना मिलते ही अस्पताल में परिजनों की भीड़ उमड़ पड़ी.
फरार पिकअप चालक की तलाश में पुलिस
पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और घायलों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं. फरार पिकअप चालक की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है. पुलिस का कहना है कि परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जल्द ही आरोपी चालक को गिरफ्तार किया जाएगा.


