सुनील उपाध्याय, छतरपुर। भगवान कृष्ण को लेकर दिए गए अपने एक बड़बोले बयान के बाद चौतरफा घिरे बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने अब इस मामले पर सफाई दी है। यदुवंशी समाज और अन्य लोगों द्वारा तीखा विरोध जताए जाने के बाद बाबा बागेश्वर ने स्पष्ट किया है कि उनका इरादा किसी की भावनाओं को ठेस पहुँचाने का नहीं था और उन्होंने वह बात सिर्फ ‘विनोद’ (मजाक) में कही थी।

 क्या बोले धीरेंद्र शास्त्री?

हाल ही में शिवपुरी जिले के करैरा में कथा के दौरान पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने एक टिप्पणी की थी, जिसमें उन्होंने कहा था कि “हम राम जी वाले हैं, तुम्हारे वाले टेढ़े हैं, कृष्ण नाम में रकार खतरनाक है।” इस बयान के सामने आने के बाद धार्मिक और सामाजिक स्तर पर, विशेषकर यदुवंशी समाज में खासा आक्रोश देखने को मिला था और इसका कड़ा विरोध किया गया था।

अपने ऊपर बढ़ते दबाव और विरोध को देखते हुए धीरेंद्र शास्त्री ने सफाई देते हुए कहा- “कभी-कभी हम विनोद में कुछ भी कह जाते हैं, भाव में बोल जाते हैं, उसका अर्थ का अनर्थ मत निकालो। हमारे नाम में भी कृष्ण है। ठाकुर जी तो टेढ़े हैं ही, बंसी वाले। जिससे ज्यादा प्रेम होता है, उससे ऐसी बात कही जाती है। इसको ‘ब्याज स्तुति’ कहते हैं। जैसे गोपियां भ्रमर गीत में भगवान को कपटी तक कहती हैं।”

अपनी सफाई में आगे बोलते हुए बाबा बागेश्वर ने तंज कसते हुए कहा कि आजकल एक नया ट्रेंड चल गया है कि अगर किसी को जल्दी फेमस होना है, तो वह ‘बाबा बागेश्वर का विरोध’ करने लग जाता है। उन्होंने खुद को भगवान का अनन्य भक्त बताते हुए कहा कि वे कभी कृष्ण विरोधी नहीं हो सकते, क्योंकि “जग में सुंदर हैं दो नाम – राम और श्याम।”

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m