शशांक द्विवेदी, खजुराहो। पड़ोसी देश नेपाल में भारी बारिश, बाढ़ और भूस्खलन (लैंडस्लाइड) के कारण मची भयानक तबाही पर बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने गहरा दुख व्यक्त किया है। सोशल मीडिया पर एक वीडियो संदेश जारी करते हुए उन्होंने कहा कि इस संकट की घड़ी में पूरा भारत और बागेश्वर धाम परिवार नेपाल के लोगों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा है।
हृदयविदारक घटना से मन दुखी
पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने अपने संदेश में कहा, “नेपाल में दैवीय प्रकोप के कारण जो विचित्र और भयानक त्रासदी आई है, उसे देखकर हमारा हृदय छलनी हो गया है। हजारों लोग बेघर हो गए हैं, कई घर तबाह हो गए और परिवार के सदस्य बह गए। यह बेहद ही हृदयविदारक घटना है। हम ईश्वर से प्रार्थना करते हैं कि सभी को यह दुख सहन करने का संबल दे और पीड़ितों की रक्षा करे।”
राहत-बचाव और मेडिकल टीम भेजने के निर्देश
बागेश्वर सरकार ने नेपाल स्थित बागेश्वर धाम मंडल को तुरंत धरातल पर उतरकर सेवा और राहत कार्यों में जुटने की अपील की है। इसके साथ ही उन्होंने ऐलान किया कि बागेश्वर धाम (गढ़ा) से भी सेवादारों और सदस्यों की एक विशेष टीम जल्द ही नेपाल पहुंचेगी। यह टीम प्रभावित इलाकों में बचाव कार्य के साथ-साथ राहत सामग्री, भोजन और आवश्यक मेडिकल व्यवस्थाएं उपलब्ध कराएगी। “नेपाल में जो यह विचित्र त्रासदी आई है, उसको देखकर हमारा हृदय छलनी हो गया है। पूरा भारत और बागेश्वर धाम परिवार इस दुख की घड़ी में नेपाल के साथ खड़ा है। बागेश्वर मंडल तुरंत राहत, सेवा सामग्री और मेडिकल व्यवस्था के साथ सेवा में जुट जाए, गढ़ा धाम से भी जल्द टीम भेजी जा रही है।”
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


