हेमंत गुर्जर, बागली। देवास जिले के बागली में पुलिस ने 70 हजार की चोरी की एक सनसनीखेज वारदात का पर्दाफाश किया है। इस मामले में जो खुलासा हुआ है उसने सबको चौंका दिया है। चोरी की इस वारदात को अंजाम देने वाला कोई बाहरी व्यक्ति नहीं बल्कि फरियादिया के बेटे का ही करीबी दोस्त निकला। आरोपी ने पहले घर में दोस्तों के साथ मिलकर पार्टी की और फिर मौका पाकर अलमारी तोड़कर नकदी और जेवरात समेट लिए। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर शत-प्रतिशत सामान बरामद कर लिया है।

ये भी पढ़ें: आदमखोर बाघ का आतंक: महिला के बाद युवक को बनाया शिकार, 24 घंटे में दो लाशे मिलने से हड़कंप, विभागीय हाथियों की मदद से तलाश शुरू

पार्टी के बहाने रेकी, फिर आधी रात को वारदात

जानकारी के अनुसार बागली निवासी अनिता बाई बघेल के घर पर बीते दिनों अलमारी तोड़कर अज्ञात चोर ने नकदी और सोने-चांदी के जेवरात पार कर दिए थे। फरियादिया की शिकायत पर बागली पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

जब पुलिस ने संदेहियों और घर आने-जाने वालों की कुंडली खंगाली, तो एक चौंकाने वाला सुराग हाथ लगा। पुलिस को पता चला कि घटना वाली रात फरियादिया के बेटे ने अपने कुछ दोस्तों को घर पर पार्टी के लिए बुलाया था। इसी पार्टी में शामिल बेटे का दोस्त विशाल वैष्णव भी आया हुआ था। पार्टी के दौरान विशाल ने घर की पूरी स्थिति और अलमारी की लोकेशन भांप ली। इसके बाद देर रात जब मकान सूना था, तब उसने चुपके से घर में घुसकर अलमारी तोड़ी और चोरी की वारदात को अंजाम देकर रफूचक्कर हो गया।

ये भी पढ़ें: ‘दोस्ती की आखिरी निशानी’ पड़ी भारी: मृतक दोस्त का दिया कट्टा संभालकर घूम रहा था युवक, पुलिस ने भेजा जेल

पुलिस ने आरोपी को दबोचा, माल बरामद

संदेह के आधार पर जब पुलिस ने विशाल वैष्णव को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की, तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। बागली पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी गई पूरी नकदी और जेवरात कुल कीमत करीब 70 हजार रुपए बरामद कर लिए हैं। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m