संजय विश्वकर्मा, उमरिया। मध्य प्रदेश के प्रसिद्ध बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व से एक बेहद दिल दहला देने वाली खबर सामने आ रही है। पार्क के पनपथा कोर जोन के अंतर्गत आने वाली कुदरी बीट में बाघ ने 24 घंटे के भीतर लगातार दूसरा हमला करते हुए एक और इंसान को मौत के घाट उतार दिया है। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है और स्थानीय ग्रामीणों में वन विभाग के खिलाफ भारी आक्रोश है।
ये भी पढ़ें: खंडवा के सुलगांव में किसानों का प्रदर्शन: खेत में 132KV टावर निर्माण को लेकर बढ़ा विवाद, मुआवजे को लेकर किसान और प्रशासन आमने-सामने
क्या है पूरा मामला?
मिली जानकारी के अनुसार ताजा घटना कुदरी बीट की है जहां बाघ ने एक युवक पर अचानक हमला कर दिया। मृतक की पहचान कल्याण सिंह के रूप में हुई है, जो झलवार गांव का निवासी था। हैरान करने वाली बात यह है कि ठीक 24 घंटे पहले इसी हॉटस्पॉट पर बाघ ने एक महिला को भी अपना शिकार बनाया था। एक ही जगह पर लगातार दो मौतों ने वन विभाग की सुरक्षा व्यवस्था और मॉनिटरिंग पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
हाथियों की मदद से विभाग कर रहा सर्चिंग
घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग के आला अधिकारी और पुलिस बल मौके पर पहुंच गए हैं। लगातार हो रहे हमलों को देखते हुए वन अमले ने विभागीय हाथियों की मदद से हमलावर बाघ की घेराबंदी और सर्चिंग ऑपरेशन शुरू कर दिया है।
दो-दो मौतों से मौके पर तनाव
घटना की खबर फैलते ही घटनास्थल पर झलवार और आसपास के गांवों के सैकड़ों ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में बाघ की सक्रियता के बावजूद वन विभाग ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं किए, जिसके कारण कल्याण सिंह को अपनी जान गंवानी पड़ी।
ये भी पढ़ें: ‘दोस्ती की आखिरी निशानी’ पड़ी भारी: मृतक दोस्त का दिया कट्टा संभालकर घूम रहा था युवक, पुलिस ने भेजा जेल
प्रशासन ने की ग्रामीणों से अपील
वन विभाग ने एहतियात के तौर पर आसपास के ग्रामीणों को अकेले जंगलों की तरफ न जाने और सतर्क रहने की हिदायत दी है। फिलहाल अधिकारी स्थिति को नियंत्रित करने और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास कर रहे हैं।

