बहराइच के महसी विधानसभा क्षेत्र में शुक्रवार को चुनावी कार्यक्रम के दौरान सपा और भाजपा समर्थकों के बीच कहासुनी के बाद धक्का-मुक्की हो गई. हंगामे के बाद तनाव को देखते हुए पुलिस और पीएसी तैनात की गई है, जबकि कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया है.
बहराइच. महसी विधानसभा क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर एक चुनावी कार्यक्रम के दौरान समाजवादी पार्टी और भाजपा समर्थकों के बीच विवाद हो गया. हरदी थाना क्षेत्र के रमपुरवा चौराहे पर कहासुनी के बाद दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और धक्का-मुक्की व खींचतान शुरू हो गई.
एक निजी चैनल की टीम आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर क्षेत्र के लोगों की राय जानने के लिए कार्यक्रम आयोजित कर रही थी. इसी दौरान किसी मुद्दे पर सपा और भाजपा समर्थकों के बीच बहस शुरू हुई, जो कुछ ही देर में विवाद में बदल गई.
मौके पर हुआ हंगामा
विवाद बढ़ने पर दोनों पक्षों के कार्यकर्ता एक-दूसरे से भिड़ गए. कार्यक्रम स्थल पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर दोनों पक्षों को शांत कराया, जिसके बाद स्थिति नियंत्रित हुई.
हंगामे के बाद इलाके में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस और पीएसी की तैनाती कर दी गई. पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में भी लिया है.
पुलिस जुटा रही जानकारी
एसपी विश्वजीत श्रीवास्तव ने बताया कि मौके पर फोर्स तैनात है. पुलिस घटना से जुड़ी जानकारी जुटा रही है और मामले की जांच की जा रही है.

