बहराइच. जिले के विशेश्वरगंज थाना क्षेत्र के पुरैना गांव में गुरुवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई. छैल बिहारी नामक युवक ने अपनी 55 वर्षीय मां कृष्णावती पर धारदार हथियार से हमला कर दिया. गर्दन पर गंभीर वार होने से महिला की मौके पर ही मौत हो गई. घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई.

इसे भी पढ़ें- महबूब, महबूबा और मौत का खेलः लिव-इन रिलेशनशिप की गला दबाकर हत्या, खाकी से बचने दिया आत्महत्या का रूप, फिर…

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस

घटना की जानकारी मिलते ही थाना प्रभारी संदीप कुमार द्विवेदी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. आरोपी पुत्र को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है.

आरोपी की मानसिक स्थिति की जांच

परिजनों और ग्रामीणों के अनुसार आरोपी छैल बिहारी मानसिक रूप से अस्वस्थ बताया जा रहा है. हालांकि पुलिस का कहना है कि हत्या के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की पड़ताल की जाएगी.

इसे भी पढ़ें- सादगी और ईमानदारी की राजनीति का हुआ अंत, यूपी के सबसे उम्रदराज सपा विधायक आलमबदी आजमी का निधन

पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगी आगे की कार्रवाई

मृतका कृष्णावती के तीन बेटे हैं. घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी. गांव में एहतियातन पुलिस निगरानी भी बढ़ा दी गई है.