बहराइच के बोझिया ग्राम स्थित एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने शिक्षकों की कमी और अन्य समस्याओं को लेकर डीएम कार्यालय में ज्ञापन सौंपा. एडीएम ने मामले की जांच के लिए मिहींपुरवा एसडीएम को निर्देश दिए हैं.
बहराइच. बोझिया ग्राम स्थित एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय (EMRS) के छात्र-छात्राओं ने गुरुवार को डीएम कार्यालय पहुंचकर विद्यालय की समस्याओं को लेकर ज्ञापन सौंपा. छात्र-छात्राएं करीब 120 किलोमीटर की दूरी तय कर जनपद मुख्यालय पहुंचे थे. उन्होंने शिक्षकों की कमी, पानी, भोजन, खेल मैदान और शौचालय की सफाई समेत कई समस्याएं बताईं.
शिक्षकों की कमी की शिकायत
छात्रा सोनिका ने बताया कि विद्यालय में शिक्षकों की कमी है और कई विषयों के शिक्षक उपलब्ध नहीं हैं. उन्होंने खेल मैदान में बड़ी-बड़ी घास होने और उसकी सफाई नहीं कराए जाने की भी बात कही.
छात्राओं के मुताबिक विद्यालय में पानी और भोजन से जुड़ी समस्याएं भी हैं. सोनिका ने बताया कि फल के नाम पर हर दिन केला दिया जाता है, जबकि निर्धारित शेड्यूल में मौसमी फल का उल्लेख है. उनका कहना था कि शेड्यूल के अनुसार भोजन नहीं दिया जाता.
कई विषयों के शिक्षक नहीं
छात्रा मेनका ने बताया कि विद्यालय में केमिस्ट्री, इकॉनमी, हिंदी, ज्योग्राफी और फिजिक्स के शिक्षकों की कमी है. उन्होंने खेल मैदान की स्थिति के साथ पानी की समस्या और शौचालयों की सफाई नहीं होने की शिकायत भी की.
मेनका के अनुसार इन समस्याओं को लेकर पहले लिखित शिकायत भी दी गई थी. छात्रा ने आरोप लगाया कि शिकायत के बाद उन लोगों को डांटा गया.
जांच के आदेश
एडीएम अमित कुमार ने बताया कि छात्रों की ओर से एक शिकायती पत्र सौंपा गया है. इस दौरान एबीवीपी के प्रांत संयोजक जनजातीय कार्य आदर्श शुक्ला समेत अन्य लोग भी मौजूद थे.
एडीएम ने बताया कि मामले की जांच के लिए मिहींपुरवा एसडीएम को आदेश दिए गए हैं. एसडीएम मौके पर जाकर पूरे मामले की जांच करेंगे. उन्होंने कहा कि मामले में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.



