बहराइच के विशेश्वरगंज थाना क्षेत्र में सोमवार को करीब 40 वर्षीय महेश्वर प्रताप सिंह का शव घर के कमरे में फंदे से लटका मिला. पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं और मामले की जांच जारी है.
अनूप मिश्रा, बहराइच. थाना क्षेत्र के धनुही पुलिस चौकी अंतर्गत बुढ़नी ग्राम पंचायत के साईं पुरवा में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब करीब 40 वर्षीय युवक का शव घर के कमरे में छत के कुंडे से फंदे के सहारे लटका मिला. घटना की जानकारी होते ही परिजनों में कोहराम मच गया.
मृतक की पहचान महेश्वर प्रताप सिंह उर्फ छोटे भैया, पुत्र बद्री प्रसाद सिंह के रूप में हुई है. परिजनों के अनुसार, घर का नौकर खेत से पशुओं के लिए चारा लेकर वापस लौटा था.
कमरे में मिला शव
भोजन के लिए महेश्वर को बुलाने जब नौकर कमरे में पहुंचा तो अंदर का दृश्य देखकर उसके होश उड़ गए. उसने कमरे में महेश्वर का शव फंदे से लटका देखा और तत्काल इसकी सूचना स्वजन को दी.
घटना की जानकारी मिलते ही धनुही चौकी प्रभारी धीरेन्द्र प्रताप सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया.
फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
मामले की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया. टीम ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए.
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. युवक ने किन परिस्थितियों में यह कदम उठाया, फिलहाल इसका कारण स्पष्ट नहीं हो सका है.
जांच में जुटी पुलिस
पुलिस विभिन्न बिंदुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है. थानाध्यक्ष संदीप कुमार द्विवेदी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है.
उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी. रिपोर्ट के आधार पर आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी.



