अनूप मिश्रा, बहराइच. विशेश्वरगंज के विकास क्षेत्र अंतर्गत पुरैना बाजार में 16 जुलाई को जला विद्युत ट्रांसफार्मर तीन दिन बाद भी नहीं बदला जा सका है. इसके चलते पुरैना बाजार सहित आसपास के गांवों की विद्युत आपूर्ति पूरी तरह ठप है. गर्मी और उमस के बीच लोग अंधेरे में रात गुजारने को मजबूर हैं. विभागीय उदासीनता से उपभोक्ताओं में भारी आक्रोश व्याप्त है.

स्थानीय लोगों का कहना है कि पहले से ही क्षेत्र में लगातार बिजली कटौती की समस्या बनी हुई थी. अब ट्रांसफार्मर फुंक जाने से बिजली आपूर्ति पूरी तरह बंद हो गई है. बिजली न होने से पेयजल संकट गहरा गया है, छोटे व्यापार प्रभावित हो रहे हैं और आम जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है.

इसे भी पढ़ें : राम मंदिर चढ़ावा गबन : टिन्नू यादव और भतीजे मनीष की पुलिस रिमांड शुरू, बड़े खुलासों की उम्मीद

ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद विद्युत विभाग ने ट्रांसफार्मर बदलने की कोई पहल नहीं की. उपभोक्ताओं की समस्या और विभाग का पक्ष जानने के लिए उपखंड अधिकारी (एसडीओ) अश्वनी कुमार पांडेय और संबंधित अवर अभियंता (जेई) से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन दोनों अधिकारियों के मोबाइल फोन स्विच ऑफ मिले. ऐसे में विभाग का पक्ष नहीं मिल सका.

क्षेत्रवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द नया ट्रांसफार्मर लगाकर विद्युत आपूर्ति बहाल नहीं की गई, तो वे विद्युत विभाग के खिलाफ आंदोलन करने को बाध्य होंगे. उनका कहना है कि भीषण गर्मी के इस दौर में विभाग की लापरवाही आम लोगों पर भारी पड़ रही है.